भारत-चीन सीमा विवाद: सीमा पर ड्रैगन की एक और नापाक हरकत, भारतीय चरवाहों से भिड़े चीनी सैनिक, वीडियो शेयर कर कांग्रेस ने पीएम मोदी पर कसा तंज

  • एलएसी पर चीन की नापाक करतूत
  • भारतीय चरवाहों को बाहर निकालने की कोशिश
  • ड्रैगन से भिड़े चरवाहे

Bhaskar Hindi
Update: 2024-01-31 08:36 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एलएसी (वास्तविक नियंत्रण रेखा) पर चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। ताजा मामला लद्दाख में पैंगोंग झील के उत्तरी किनारे का है, जहां भारतीय चरवाहों और चीनी सैनिकों के बीच भिड़ंत हो गई। दरअसल, 4 साल पहले गलवान घाटी में भारतीय सेना और चीनी सेना के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद से यहां रहने वाले चरवाहों ने अपने जानवरों को एलएसी के पास वाले इलाके में चराना बंद कर दिया था। लेकिन जब वह दोबारा अपने पुराने चारगाह में जानवरों को चराने के लिए पहुंचे तो चीनी सैनिकों ने उन्हें रोक दिया।

चीनी सैनिकों से भिड़े भारतीय चरवाहे

चीनी सैनिकों द्वारा रोके जाने के बाद भारतीय चरवाहे डरने की बजाए उनसे भिड़ गए। उन्होंने चीनी सैनिकों को दो टूक कहा कि वह उन्हें नहीं रोक सकते क्योंकि यह इलाका भारतीय सीमा में आता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस समय चीनी सैनिक चरवाहों से भि़ड़ रहे थे तभी भारतीय सेना के जवान भी वहां आ गए और उन्होंने चरवाहों की सहायता की। हालांकि इस घटना में कोई हिंसा तो नहीं हुई लेकिन भारतीय चरवाहों की दिलेरी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोग चरवाहों की हिम्मत और हौसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी ने वीडियो शेयर

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर (एक्स) हैंडल से इस घटना का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में चीनी सैनिक चरवाहों से बहस करते और उन्हें रोकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में चरवाहे भी अपने जानवरों के साथ दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस ने लिखा, 'चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। अब लद्दाख से एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में चीन के सैनिक हमारी जमीन पर चरवाहों को जाने से रोक रहे हैं। चीन के सैनिकों की चरवाहों से झड़प भी हुई।'

मोदी सरकार पर कसा तंज

अपने वीडियो पोस्ट में पार्टी ने सवाल उठाते हुए कहा, 'आखिर चीन की हिम्मत कैसे हो रही है? हमारी जमीन पर पैर रखने की इनकी जुर्रत कैसे हुई?'

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि, 'क्या इस बार भी पीएम मोदी चीन को क्लीनचिट देते हुए कहेंगे - कोई घुसा नहीं? सरकार को इस नापाक हरकत पर चीन को कड़े लहजे में संदेश देना चाहिए।'

Tags:    

Similar News