आदित्य का पत्र: मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल और रेलवे अधिकारियों को निलंबित किया जाए

गोखले ब्रिज गड़बड़ी पर आदित्य ने राज्यपाल को लिखा पत्र

Bhaskar Hindi
Update: 2024-03-09 06:36 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगरपालिका द्वारा बनाए गए अंधेरी पूर्व पश्चिम को जोड़ने वाला गोपाल कृष्ण गोखले ब्रिज और बर्फीवाला ब्रिज में गड़बड़ी को लेकर शिवसेना उद्धव गुट नेता आदित्य ठाकरे ने राज्यपाल को पत्र लिख कर मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल और दोषी रेलवे अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है।

अंधेरी के गोखले ब्रिज को लेकर इस समय मनपा की हर तरफ आलोचना हो रही है। बर्फीवाला ब्रिज से गोखले ब्रिज की ऊंचाई डेढ़ मीटर अधिक होने के कारण मनपा अधिकारियों की सोच और इंजीनियरिंग स्किल की खिल्ली उड़ाई जा रही है।

सोशल मीडिया के बाद आदित्य ठाकरे ने राज्यपाल रमेश बैस से इस पुल के पुनर्निर्माण में विफलता के लिए जिम्मेदार मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल और संबंधित रेलवे अधिकारियों को निलंबित करने की मांग की है।

गोखले ब्रिज का एक हिस्सा बन कर तैयार कर लिया गया था जिसे 26 फरवरी को आवागमन के लिए खोल दिया गया है। एक साल पहले बना बर्फीवाला पुल और नया गोखले पुल को जोड़ा जाना था लेकिन ऊंचाई में करीब डेढ़ मीटर का अंतर होने से समस्या के समाधान के लिए मनपा अब वीजीटीआई की मदद ले रही है।

आदित्य ठाकरे ने लिखा कि मनपा और रेलवे प्रशासन द्वारा गोखले ब्रिज का पुनर्निर्माण देश के लिए शर्मिंदगी की बात है। ब्रिज निर्माण में गड़बड़ी आने के बाद दोनों प्रशासन एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

इसलिए जो दोषी हैं उन्हें निलंबित करें जिससे परियोजना के साथ छेड़छाड़ न की जा सकें। मनपा ने मुंबईकरों के टैक्स से मिले पैसे को बर्बाद करने वालों की निष्पक्ष जांच करें।



Tags:    

Similar News