पलटवार: डोनाल्ड ट्रम्प के रूस-यूक्रेन जंग खत्म करवाने के दावे पर रूस का पलटवार, कहा - 'वो झूठ बोल रहे'

  • ट्रम्प ने प्रेसिडेंशियल डिबेट में किया था रूस-यूक्रेन जंग रुकवाने का दावा
  • रूसी राजदूत ने किया पलटवार
  • पश्चिमी देश नहीं चाहते कि जंग रुके

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-02 17:45 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हाल ही में हुई अमेरिका की प्रेसिडेंशियल डिबेट में डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि यदि वे राष्ट्रपति बने तो 24 घंटे के भीतर रूस-यूक्रेन जंग को रुकवा देंगे। उनके इस बयान पर अब रूस का जवाब आया है। यूएन में रूस के राजदूत ने कहा है कि ट्रम्प ऐसा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह जंग तो शुरू होन के दो महीने बाद यानी 2022 के अप्रैल में ही रुक सकती थी। लेकिन अमेरिका समेत अन्य पश्चिमी देशों ने ऐसा नहीं होने दिया।

वे चाहते हैं हम लड़ते रहें

रूसी राजदूत नेबेंजिया ने कहा कि पश्चिमी देश चाहते थे यूक्रेन और हमारे बीच लड़ाई होती रहे। जेलेंसकी अलग-अलग शांति सम्मेलनों में भाग ले रहे हैं। जो कि एक मजाक है। बता दें कि पिछले महीने स्विट्जरलैंड में यूक्रेन युद्ध को लेकर एक शांति सम्मेलन आयोजित हुआ था। 90 देशों के इस सम्मेलन 10 पॉइंट का एक प्रस्ताव तैयार किया था। जिसमें जंग को खत्म करने के लिए यूक्रेन से रूसी सेना की वापसी की मांग की गई थी। रूस ने इसका विरोध किया था।

बता दें कि ट्रम्प पिछले साल से 24 घंटे में जंग रुकवाने का राग अलाप रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले मई 2023 में कहा था कि जंग में रूसी और यूक्रेन के नागरिक मर रहे हैं। मैं ये जंग 24 घंटे में रुकवा दूंगा। उस समय ट्रम्प ने कहा था कि वो पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और फिर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद ट्रम्प लगातार इस बात को दोहराते रहे हैं।

प्रेसिडेंशियल डिबेट में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने यहां तक कह दिया था कि बाइडेन ने पुतिन पर जंग थोपी है। यदि वे राष्ट्रपति होते तो ये जंग कभी हुई ही नहीं होती। बता दें कि यूक्रेन और रूस के बीच जंग को 2 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। इस जंग में अब तक हजारों की मौत और विस्थापित हो चुके हैं।

Tags:    

Similar News