प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम: विदेशों में भी रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा की धूम, टाइम्स स्क्वायर पर फीचर हुईं भगवान राम और मंदिर की 3डी तस्वीरें

  • रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी धूम
  • न्यूयार्क और मॉरीशस के अलावा यूके में भी रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का विशेष उत्साह
  • मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने अयोध्या में होने जा रहे रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पर खुशी जताते हुए एक्स पर एक खास पोस्ट किया है

Bhaskar Hindi
Update: 2024-01-22 06:29 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आज अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने जा रही है। इस खास पल को लेकर देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी धूम मची हुई है। दुनिया के कई कोनों में लोग आज के दिन राममय नजर आ रहे हैं। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, यूके सहित ताइवान जैसे कई देशों में अयोध्या में होने जा रहे रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर जश्न का माहौल है। न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वायर पर राम भगवान और राम मंदिर की 3डी तस्वीरें लगाई गईं हैं। विदेश में रह रहे भारतीय आस्था कलश यात्रा और शोभा यात्राएं निकाल रहे हैं। मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने रामलला के अयोध्या वापसी को लेकर एक्स पर खास पोस्ट भी किया है। राम भगवान के अयोध्या में विराजमान होने की खुशी में विदेशों में रैलियां निकाली जा रही है और लोग खुश होकर मिठाई बांट रहे हैं।

टाइम्स स्क्वायर पर राम भगवान की 3डी तस्वीर

रामलला के प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी धूम है। इस खास मौके का जश्न विदेशों में रह रहे भारतीय पूरे उत्साह के साथ मना रहे हैं। न्यूयार्क के टाइम्स स्क्वायर पर भगवान राम और मंदिर की 3डी तस्वीरें लगाई गईं हैं। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले यहां मिठाईयां भी बांटी गई हैं। रविवार को 'ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर' के सदस्यों ने टाइम्स स्क्वायर पर लड्डू बांटा था।

मॉरीशस के पीएम ने की खास अपील

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने अयोध्या में होने जा रहे रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पर खुशी जताते हुए एक्स पर एक खास पोस्ट किया है। उन्होंने भगवान राम के आशीर्वाद और शिक्षा की राह पर चलकर शांति और समृद्धि की दिशा में अग्रसर होने की कामना की है। प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "आइए हम श्री राम के अयोध्या लौटने पर खुशियां मनाएं। उनका आशीर्वाद और शिक्षा, शांति और समृद्धि की दिशा में हमारा मार्ग प्रशस्त करती रहें। जय हिन्द! जय मॉरीशस!"

यूके में अखंड रामायण पाठ

न्यूयार्क और मॉरीशस के अलावा यूके में भी रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा का विशेष उत्साह है। यहां सभी हिंदू मंदिरों में जश्न का माहौल है। इसके अलावा कलश यात्रा का भी आयोजन किया गया है जो 21 जनवरी से शुरू होकर 22 जनवरी को हिंदू मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद रैली, अखंड रामायण का पाठ और विशेष आरती का आयोजन भी किया जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया में निकाली गई कार रैली

ऑस्ट्रेलिया का माहौल भी राममय है। यहां रहने वाले भारतीय और भारतीय मूल के लोग जश्न मना रहे हैं। यहां मौजूद सैकड़ों मंदिर में इस खास मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सिडनी में शनिवार को भारतीय प्रवासियों ने एक कार रैली का आयोजन किया था। जिसमें 100 से ज्यादा कारों ने हिस्सा लिया था। इसके अलावा लोग अपने-अपने घरों के बाहर आतिशबाजी भी कर रहे हैं।

ताइवान में भी जश्न का माहौल

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण भारत के साथ ताइवान में भी किया जाएगा। इंडियन एसोशियन ऑफ ताइवान की तरफ से लाइव स्ट्रीमिंग का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा ताइवान के इस्कॉन मंदिर में भी प्राण-प्रतिष्ठा के खास मौके पर अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News