अंतरराष्ट्रीय दौरा: रूस-ऑस्ट्रिया में तीन दिवसीय दौर पर रहेंगे पीएम मोदी, 2019 के बाद रूस में प्रधानमंत्री की होगी पहली यात्रा

  • तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी
  • रूस और ऑस्ट्रिया की करेंगे यात्रा
  • 2019 के बाद प्रधानमंत्री की रूस में पहली यात्रा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-04 17:35 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से लेकर 10 जुलाई के दौरान रूसी संघ और ऑस्ट्रिया गणराज्य में आधिकारिक दौर पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को आधिकारी तौर पर इस बात की जानकारी साझा की। मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी 8 से 9 जुलाई के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आमंत्रण पर 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए मॉस्को पहुचेंगे। 

रूस-आस्ट्रिया के दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी 

इस संबंध में विदेश मंत्रालय की ओर से स्टेटमेंट जारी किया गया है। जिसके मुताबिक मोस्को में आयोजित इस सम्मेलन में दोनों देशों के नेता बहुआयामी संबंधों की सम्पूर्ण समीक्षा करेंगे। इस दौरान आपसी हित के समकालीन क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। बता दें, रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बाद पीएम मोदी पहली बार रूस के दौरे पर जाएंगे। मंत्रालय ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन "परंपरागत रूप से मैत्रीपूर्ण रूसी-भारतीय संबंधों के आगे विकास की संभावनाओं के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय एजेंडे के प्रासंगिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।"

रूस दौरे के बाद पीएम मोदी 9 से 10 जुलाई के दरमियान आस्ट्रिया दौरे पर रवाना होंगे। गौरतलब है कि 41 सालों में पहली बार किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया में पहली यात्रा होने जा रही है। इस दौरान पीएम मोदी ऑस्ट्रिया गणराज्य के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे। साथ ही ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के साथ बातचीत भी करेंगे। इस मौके पर ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगे। 

साल 2019 में आखिरी रूस दौरा

संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वसीली नेबेंजिया ने बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा था कि रूस में पीएम मोदी की इस दौरे से कई अहम संदेश निकलेंगे। इस यात्रा से रूस और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंध भी मजबूत होंगे। खास बात यह है कि पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार रूस दौरे पर जाने वाले हैं। इस लिहाज से भी इस यात्रा का खास महत्व है। गौरतलब है कि, रूस ने यूक्रेन पर जनवरी 2022 में हमला करके युद्ध की शुरुआत कर दी थी। इसके बाद से भारत और रूस के बीच कोई उच्च स्तरीय द्विपक्षीय दौरा नहीं हो पाया है।

इससे पहले साल 2019 में पीएम मोदी ने रूस की यात्रा की थी। उस दौरान व्लादिवोस्तोक में आयोजित पांचवे पूर्वी आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी शिरकत की थी। बता दें, साल 2015 मॉस्को में पीएम मोदी ने आखिरी आधिकारिक दौरा किया था। जबकि, पुतिन ने साल 2021 में भारत में आखिरी दौरा किया था। 

Tags:    

Similar News