फिच की चेतावनी: मोहम्मद मुइज्जू के नेतृत्व में आर्थिक संकट से जूझने लगा मालदीव, भारत से पंगा लेना पड़ा भारी

  • फिच ने मालदीव की क्रेडिट रेटिंग भी घटा दी
  • अपने कर्ज चुकाने से चूक सकता है मालदीव
  • फिच ने दक्षिण एशियाई देश को चेताया
  • चीन के कर्ज के जाल में फंस गया मालदीव

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-27 09:16 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत से दुश्मनी और ड्रैगन चीन से दोस्ती अब मालदीव को भारी पड़ने वाली है। पाकिस्तान के बाद मालदीव आर्थिक संकट में आ गया है। फिच की ओर से यह चेतावनी तब आई थी, जब मालदीव ने चीन से और ज्यादा कर्ज लेने की मंशा जाहिर की थी। उस पर फिलहाल सबसे ज्यादा कर्ज चीन का ही है। आपको बता दें फिच ने  मालदीव की रेटिंग बी माइनस से घटाकर ट्रिपल सी प्लस कर दिया है। ट्रिपल सी रेटिंग उन देशों को दी जाती है, जहां आर्थिक संकट की संभावना अधिक होती है।

आपको बता दें मालदीव आर्थिक मदद के लिए कई देशों पर निर्भर रहता है। पिछले साल तक मालदीव पर 4.038 अरब डॉलर का कर्ज था, जो उसकी कुल जीडीपी का 118 फीसदी है। 2022 से 2023 के बीच कर्ज में लगभग 25 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई। मालदीव पर सबसे अधिक कर्ज चीन का है। मालदीव के कुल कर्ज का 25.2 फीसदी चीन के एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक का है।

फिच ने अपने एक बयान में कहा है कि मई में मालदीव का अंतरराष्ट्रीय मुद्रा भंडार घटकर 49.2 करोड़ डॉलर पर आ गया था। एजेंसी के मुताबिक इस साल मालदीव को 40.9 करोड़ डॉलर का भुगतान कर्ज की किश्तों के रूप में करना है, यानी उस पर कर्ज चुकाने का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ सकता है। 

चीन से बढ़ती नजदीकियों के चलते मालदीव भी डिफॉल्ट होने के कगार पर है। इससे पहले चीन के जाल में पाकिस्तान फंस चुका है। पाक के बाद अब मालदीव के साथ भी ऐसा हुआ है। अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट रेटिंग एजेंसी फिच ने अर्थव्यवस्था पर संकट को लेकर मालदीव को चेतावनी जारी की है। फिच ने मालदीव की क्रेडिट रेटिंग घटा दी है। फिच ने चेताया है कि दक्षिण एशियाई देश अपने कर्ज चुकाने से चूक सकता है।

एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि मालदीव को अंतरराष्ट्रीय कर्जों की किश्त चुकाने में दिक्कतें हो सकती हैं, क्योंकि मालदीव पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। पिछले दिनों ही अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने चेतावनी दी थी कि मालदीव पर कर्ज का खतरा मंडरा रहा है। 

जैसा की आप जानते है कि कुछ महीने पहले चीनी समर्थित मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मोइज्जू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत से पंगा लिया था।  पीएम मोदी ने जब लक्षद्वीप में अपनी तस्वीरें शेयर की तो मालदीव के कई मंत्री भड़क गए , जिसकी प्रतिक्रिया में भारतीयों में नाराजगी देखने को मिली, और कई भारतीय पर्यटनों ने मालदीव की यात्रा रद्द कर दी थी। मालदीव में पर्यटकों की संख्या में काफी गिरावट देखी गई। जिसका खामियाजा मालदीव को आर्थिक संकट से उठाना पड़ा।

Tags:    

Similar News