US Elections: कमला हैरिस की चुनावी टीम का कमाल, एक सप्ताह से भी कम समय में जुटाए 200 मिलियन डॉलर

  • कमला हैरिस लगातार चुनाव अभियान में जुटी हुई हैं
  • कमला हैरिस की पार्टी ने फंडरेजिंग की घोषणा की
  • महज एक सप्ताह में ही 200 मिलियन डॉलर जुटाए

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-29 03:39 GMT

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन डीसी। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। जो बाइडेन (Joe Biden) राष्ट्रपति पद की दौड़ से पहले ही बाहर हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने अपने उत्तराधिकारी के रूप में उप राष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris) का नाम आगे किया। जिसके बाद हैरिस ने आधिकारिक तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने नामांकन का ऐलान किया। हैरिस लगातार चुनाव अभियान में जुटी हुई हैं, जिसको लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।

हैरिस को चुनावी अभियान को जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और अपनी पार्टी के लिए धन लक्ष्मी बन गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हैरिस ने महज एक सप्ताह में ही 200 मिलियन डॉलर (16,74,20,70,000) जुटाए हैं।

रिपोर्ट में कुल फंड का खुलासा

अल जजीरा की रिपोर्ट में कहा गया है कि, कमला हैरिस ने रविवार (28 जुलाई) को अपने लेटेस्ट फंडरेजिंग की घोषणा की। जिसमें उन्होंने बताया है कि हैरिस की कैंपेन टीम को 66 प्रतिशत से अधिक चंदा 2024 के चुनाव में पहली बार योगदान देने वालों से आया है। वहीं, 1,70,000 से अधिक वॉलंटियर्स ने कमला हैरिस के कैंपेन में मदद करने के लिए साइन अप किया है। फोन कॉल, जनसंपर्क और वोटिंग से जुड़े कामों में यह लोग मदद करेंगे।

हैरिस अभियान के सूचना निदेश माइकल टेलर ने एक ज्ञापन में लिखा, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस नई ऊर्जा से भरीं हुईं हैं और राष्ट्रपति पद की दौड़ में यह ऊर्जा बेहद जरूरी है। कुछ राज्यों के कम संख्या के मतदाताओं पर यह चुनाव बहुत हद तक निर्भर करेगा। इसलिए, यह चुनाव बेहद करीबी होने जा रहा है। 

ट्रम्प अभियान का कुल फंड

वहीं डोनाल्ड ट्रम्प के अभियान ने जुलाई की शुरुआत में कहा था कि उसने दूसरी तिमाही में 331 मिलियन अमरीकी डॉलर जुटाए हैं जो कि बिडेन के अभियान और उसके डेमोक्रेटिक सहयोगियों द्वारा उसी अवधि में जुटाए गए 264 मिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक है। 

हैरिस को फुल सपोर्ट

आपको बता दें कि, जब से जो बाइडन चुनावी रेस से बाहर हुए हैं और हैरिस का समर्थन किया है। तब से ही डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी और कमला हैरिस की डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। हैरिस के नामांकन की घोषणा से पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का सार्वजनिक रूप से समर्थन किया था। 

Tags:    

Similar News