जोरदार बारिश से वर्धा में पांच मकान ध्वस्त, 90 घरों को आंशिक क्षति

  • वर्धा में जोरदार बारिश
  • वर्धा में पांच मकान ध्वस्त
  • 90 घरों को आंशिक क्षति

Bhaskar Hindi
Update: 2023-07-27 11:51 GMT

डिजिटल डेस्क, वर्धा. इस वर्ष भले ही बारिश देर से शुरू हुई हो लेकिन जुलाई महीने में दो दिनों तक हुई तेज बारिश के कारण जिले के 90 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं 5 घर पूरी तरह से तबाह हो गए। इसमें हिंगणघाट में 4 और वर्धा शहर का समावेश है। क्षतिग्रस्त और तबाह हुए घरों का पंचनामा कर जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग नागरिकों ने की है।

बता दें कि, मौसम विभाग की ओर से जून महीने के अंत में बारिश होने का अनुमान जताया गया था। इस कारण बहुत कम मात्रा में बारिश हुई। जुलाई महीना शुरू होने के बावजूद भी जिले में जोरदार बारिश ने दस्तक नहीं दी थी। इस कारण डबल बुआई के संकट को लेकर किसान चिंतित थे। साथ ही तेज गर्मी से नागरिक भी परेशान थे, परंतु जुलाई महीने के अंतिम दिनों में दो दिनों तक हुई जोरदार बारिश के कारण जिले के अनेक स्थानों पर बाढ़ की स्थिति निर्माण हो गई। साथ ही बांध में ज्यादा पानी भर जाने से पानी को नदी में छोड़ा गया। इससे अनेक जगहों के नाले-नदियों में बाढ़ आ गई। जिले में दो दिनों हुई अतिवृष्टि में जिले के 90 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं 5 घर पूरी तरह से ढह गए। साथ ही 4 बड़े जानवर, एक तबेला और एक व्यक्ति घायल हो गया। अब नुकसान भरपाई की मांग की जा रही है।

देवली में सबसे ज्यादा 63 मकानों को पहुंची क्षति

अतिवृष्टि के कारण जिले में 90 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसमें सबसे ज्यादा देवली तहसील का समावेश है। इस कारण देवली में 63, हिंगणघाट में 16 आंशिक व पूरी तरह से 4, वर्धा शहर में 9 व पूरी तरह से 1 समेत कुल 90 घर आंशिक रूप से व 5 घर पूरी तरह से तबाह हो गए।

एक माह में बिजली गिरने से दो मृत

जुलाई महीने में बिजली गिरने से अभी तक दो लोगों की मौत हुई हैं। वहीं समुद्रपुर परिसर में एक व्यक्ति अतिवृष्टि के कारण घायल हो गया।

Tags:    

Similar News