वर्धा: डिग्री बेचनी है - तख्तियां लगाकर किया सरकारी विभाग में ठेका भर्ती का विरोध

  • सैकड़ों बेरोजगार युवक-युवतियां उतरे सड़क पर
  • जिला कार्यालय पर निकाला आक्रोश मोर्चा

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-27 13:23 GMT

डिजिटल डेस्क, वर्धा. राज्य सरकार द्वारा सरकारी विभाग में ठेेका पद्धति से भर्ती के निकाले गए अध्यादेश को रद्द करने की मांग को लेकर मंगलवार को बेरोजगारों ने जिलाधिकारी कार्यालय तक आक्रोश मोर्चा निकाला। स्पर्धा परीक्षा भर्ती संघर्ष समिति के नीतेश कराले के नेतृत्व में निकाले गए इस मोर्चे में सैकड़ों की संख्या में बेरोजगारों ने "डिग्री बेचनी है' जैसे फलक दिखाकर सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। मोर्चे की शुरुआत आर्वी नाका से सुबह 10 बजे की गई। मोर्चा छत्रपति शिवाजी चौक, बजाज चौक, आंबेडकर पुतला से होकर जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचा। जहां सरकार के साथ-साथ विधायक, सांसद के विरोध में भी युवाओं ने बड़े पैमाने पर नारे लगाकर रोष व्यक्त किया। आंदोलन में विजय कोंबे, इंद्रजीत वाघमारे, अमित कावड़कर, प्रफुल गेडाम, सूरज निखाते, प्रवीण पेठे, निशा सहित बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक, युवती, विद्यार्थी शामिल हुए।

युवाओं के लिए अन्यायकारी इस अध्यादेश के विरोध में मंगलवार को मोर्चा से शुरू हुआ आंदोलन 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक जारी रहेगा। इसके तहत 27 सितंबर से 1 अक्टूबर तक महात्मा गांधी प्रतिमा परिसर में सुबह 10 से 5 बजे तक सांकेतिक अनशन किया जाएगा। इस आंदोलन में 27 सितंबर को नीतेश कराले, 28 को इंद्रजीत वाघमारे, 29 को अमित कावड़कर, 30 को इंद्रजीत वाघमारे, 1 अक्टूबर को नीतेश कराले शामिल होंगे। वहीं 2 अक्टूबर को सेवाग्राम में मौन व्रत आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन जीआर की होली जलाई जाएगी।

 

Tags:    

Similar News