भास्कर पड़ताल: स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट बिना 10 साल से तने होर्डिंग्स

  • नगर पालिका ने नियमों को ताक पर रख कर तनी होर्डिंग्स पर नहीं की कार्रवाई
  • बीमा नियमों का भी नहीं हुआ पालन
  • होर्डिंग्स लगाने वालो को मजबूती परीक्षण प्रमाण-पत्र के लिए नोटिस जारी किया गया है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-05-20 13:42 GMT

डिजिटल डेस्क,शहडोल। संभागीय मुख्यालय शहडोल में होर्डिंग्स को लेकर खुलेआम मनमानी का बड़ा मामला सामने आया है। शहर में जगह-जगह लगे होर्डिंग्स में किसी का भी स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट (मजबूती परीक्षण प्रमाण-पत्र) नगर पालिका में जमा नहीं करवाया गया।

इसके बाद भी होर्डिंग्स का धंधा चल रहा है। मुंबई में 13 मई को होर्डिंग गिरने से 16 लोगों की मौत के बाद शहडोल में बरती गई इस बड़ी लापरवाही पर नगर पालिका के कर्मचारी सिर्फ इतना ही कह पा रहे हैं कि होर्डिंग्स लगाने वालो को मजबूती परीक्षण प्रमाण-पत्र के लिए नोटिस जारी किया गया है।

शहर में होर्डिंग्स दस साल से ज्यादा समय से अलग-अलग स्थानों पर स्थापित हैं। इनमें ज्यादातर बाजार क्षेत्र में आबादी के बीच हैं, ऐसे में बिना स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट के होर्डिंग्स तन जाने के बाद इस पूरे मामले को नागरिकों की सुरक्षा से बड़ा खिलवाड़ माना जा रहा है।

होर्डिंग्स मामले में मनमानी का दूसरा बड़ा मामला यह है कि कई होर्डिंग्स बिना बीमा के तन गए हैं। इस बारे में नगर पालिका शहडोल सीएमओ अक्षत बुंदेला बताते हैं कि होर्डिंग्स को लेकर स्ट्रक्चरल सर्टिफिकेट और बीमा जरूरी होता है। अब कार्रवाई होगी।

जांच के नाम पर दिखावा

शहर में अवैध होर्डिंग्स से नगर पालिका को आर्थिक रूप से नुकसान के बाद भी शिकायत पर जांच और कार्रवाई के नाम पर महज दिखावे का खेल चला। सितंबर 2023 से पहले भी होर्डिंग्स को लेकर कई बार शिकायत दर्ज करवाई गई। हर बार जांच के नाम पर उदासीन रवैया अपनाया गया।

वैध से ज्यादा अवैध होर्डिंग्स

शहर में वैध से ज्यादा अवैध होर्डिंग्स है। नगर पालिका द्वारा यहां गेंट्री और होर्डिंग्स के लिए यूनिक एडवरटाइरजर्स को ठेका दिया गया। दूसरी ओर शहर में वैध से ज्यादा अवैध होर्डिंग्स तन गए और इन पर कार्रवाई नहीं होने से संख्या बढ़ती ही जा रही है।

नगर पालिका ने अब तक गिनती ही नहीं करवाई

होर्डिंग्स के मामले में नगर पालिका की लापरवाही का आलम यह है कि शहर में दस साल से ज्यादा समय से होर्डिंग्स तने हैं और नगर पालिका के पास इसकी संख्या ही नहीं है। यहां वैध ठेकेदार को पांच हजार वर्गफीट में अनुमति दी गई थी और उसके अलावा अलावा अन्य कितने अवैध होर्डिंग्स इसे लेकर कहीं भी भी किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं है।

Tags:    

Similar News