मुसीबत की बारिश: सिवनी में 8 इंच से ज्यादा वर्षा, जनजीवन अस्त-व्यस्त, भीमगढ़ बांध के 6 गेट खोले गए

  • दर्जनों घरों में घुसा पानी, कई मार्ग हुए बंद
  • जिला मुख्यालय में मंगलवार की तडक़े लगभग 3 बजे तेज बारिश शुरु हो गई थी।
  • संजय सरोवर भीमगढ़ बांध का जलस्तर बढऩे से मंगलवार को बांध के 6 गेट खोलना पड़े।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-10 13:08 GMT

डिजिटल डेस्क,सिवनी। जिले के अधिकांश स्थानों पर मंगलवार को तडक़े शुरु हुआ अनवरत बारिश का क्रम देर शाम तक जारी रहा। इससे सिवनी, बरघाट, केवलारी, कुरई, लखनादौन, छपारा सहित जिले के अन्य इलाके पानी से तरबतर हो गए। बारिश का जनजीवन पर भी व्यापक असर पड़ा। सबसे बुरे हालात सिवनी के रहे, जहां 8 इंच से ज्यादा बारिश रिकार्ड की गई है।

अनवरत झड़ी के चलते जगह-जगह नदी-नाले उफना गए। पुल-पुलिया ओवरफ्लो होने से दो दर्जन से ज्यादा मार्ग बंद हो गए। पानी का इनफ्लो बढऩे से संजय सरोवर भीमगढ़ बांध का जलस्तर 519.30 मीटर तक पहुंच गया। बांध का जलस्तर बढऩे 6 गेट 9-9 मीटर खोल दिए गए।


बांध से प्रति सेकेण्ड 45 हजार घनफीट पानी छोड़े जाने के कारण सुनवारा, केवलारी क्षेत्र में वैनगंगा नदी का जलस्तर और बढ़ गया। अतिवृष्टि का सबसे ज्यादा कहर जिला मुख्यालय के विवेकानंद व तिलक वार्ड के रहवासियों पर बरपा। रेलवे व नगर पालिका द्वारा अदूरदर्शितापूर्ण तरीके से बनवाए गए नाले क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत बन गए।

इनसे पर्याप्त निकासी न होने से यहां दर्जनों घरों में पानी भर गया। कई घर में तीन से चार फिट तक पानी घुस गया। कई लोगों का गृहस्थी का सामान बर्बाद हो गया। वृद्ध व बच्चों को घर से सुरक्षित निकालने में कई लोग जुटे रहे। एक युवती पानी में गिरकर घायल हो गई।

उसे एक निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया गया। जानकारी मिलने पर विधायक दिनेश राय मुनमुन भी सुबह विवेकानंद वार्ड पहुंच गए थे। उनके द्वारा स्वयं पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला गया। इसके बाद प्रशासन, पुलिस व नगर पालिका हरकत में आए और तिलक व विवेकानंद वार्ड व घरों में भरे पानी निकासी की मशक्कत शुरू हुई।

कलेक्टर संस्कृति जैन ने अतिवृष्टि के चलते जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार व नगरीय निकायों के सीएमओ को पूरे समय अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ओवरफ्लो पुल-पुलिया पर सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारी तैनात करने व बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर विवेकानंद व तिलक वार्ड में क्विक रिस्पॉंस टीम पहुंच गई थी, जहां से लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

नींद खुली तो देखा घर पानी से तरबतर

जिला मुख्यालय में मंगलवार की तडक़े लगभग 3 बजे तेज बारिश शुरु हो गई थी। झमाझम बारिश के चलते बुधवारी, ज्यारतनाका, विवेकानंद वार्ड व तिलक वार्ड स्थित नाले ओवरफ्लो होने लगे। बारिश का सिलसिला न थमने के कारण नाले का पानी घरों में घुसने लगा।

इससे विवेकानंद वार्ड व तिलक वार्ड के लड़ैया मोहल्ला में अफरातफरी की स्थिति बन गई। विवेकानंद वार्ड में कटंगी रोड रेल अण्डरब्रिज के पास की एक गली में हालात सबसे बुरे रहे। यहां कई घरों में कमर के ऊपर तक पानी भर गया।

जलभराव से प्रभावित लोगों का कहना था कि सुबह जब नींद खुली तब तक उनके घर पानी-पानी हो गए थे। देवेन्द्र सनोडिया, नरसिंह राजपूत, कृष्णा यादव, दीपक यादव, धनराज वाल्मिकी, विनोद यादव, विक्की सनोडिया, राधेश्याम डहेरिया, बंटी साहू, जिल्लू डहेरिया, शंभू यादव सहित अन्य लोगों के घर पानी भरने से गृहस्थी का सामान भी खराब हो गया।

हालात यह थे कि बर्तन, कुर्सी आदि सामान घर के भीतर पानी में तैरते नजर आए। तिलक वार्ड के लड़ैया मोहल्ला के घरों में भी पानी घुस गया। यहां पार्वती यादव के घर पर तीन फिट तक पानी भर गया। इस गृहस्थी का पूरा सामान गीला हो गया। इनके घर पर 15 पालतू कबूतर भी जाले में पानी भरने से मर गए।

नदी-नाले उफनाए, ये मार्ग हुए बंद

मंगलवार की तडक़े से प्रारंभ हुआ बारिश का दौर शाम तक न थमने से जिले में नदी-नाले उफना गए। जगह-जगह पुल-पुलिया में पानी चढ़ गया। पुल-पुलिया ओवरफ्लो होने से आवाजाही बंद हो गई। बरघाट क्षेत्र के ग्राम अतरी से छपारा मार्ग पुलिया ओवरफ्लो होने से आवाजाही बंद हो गई।

क्षेत्र में पिंडरई-बुढ़ैरा, जगंल खुर्सीपार-मानेगांव मार्ग भी पुलिया ओवरफ्लो होने से बंद हो गए थे। बरघाट से चिमनाखारी मार्ग का नाला उफनाने से आवाजाही थम गई थी। बंडोल क्षेत्र में बंडोल से दिघौरी मार्ग वैनगंगा नदी का पानी चढऩे से बंद हो गया। वहीं बखारी से अमरवाड़ा मार्ग बिजना नदी का पानी पुल पर चढऩे से बंद हो गया। कान्हीवाड़ा क्षेत्र में ग्राम हिनौतिया में गौघाट पुल, ग्राम खैरी का पुल, ग्राम बम्हनी में सागर नदी का पुल, ग्राम पांजरा में वैनगंगा नदी पर बना पुल, ग्राम मलांजपुर में एनिकट पुल, ग्राम किरकीरांजी स्थित पुलिया तथा मेहरापिपरिया में कदम नदी पर बनी पुलिया ओवरफ्लो होने से मार्ग बंद हो गया।


लखनवाड़ा क्षेत्र के गोपालगंज से धमनिया मार्ग स्थित वैनगंगा नदी का रपटा, सरगापुर से जैतपुर मार्ग स्थित वैनगंगा नदी का रपटा, आमाकोला गांव के पास स्थित वैनगंगा नदी का रपटा, लखनवाड़ा-जैतपुर मार्ग स्थित संगई का नाला, कातलबोड़ी-जमुनिया मार्ग स्थित नाले की पुलिया, मढ़वा-हथनापुर मार्ग स्थित ढाना गांव में बनी नाले की पुलिया तथा भण्डारपुर-चांवड़ी मार्ग स्थित नाला ओवरफ्लो होने से आवाजाही बंद हो गई थी।

कुरई-पाटन मार्ग स्थित मासूर नाला और पचधार-आमाझिरी मार्ग स्थित नाला की पुलिया ओवरफ्लो होने से मार्ग बंद हो गया था। धनौरा क्षेत्र के सुनवारा से भीमगढ़ मार्ग पर वैनगंगा नदी स्थित पुल ओवरफ्लो हो गया। इससे इस मार्ग पर यातायात रूक गया था। उगली क्षेत्र में उगली-सारसडोल मार्ग व उगली-गोरखपुर मार्ग पर स्थित नाले की पुलिया पर भी पानी चढ़ गया था।

9-9 मीटर खोले गए गेट

अनवरत बारिश के कारण संजय सरोवर भीमगढ़ बांध का जलस्तर बढऩे से मंगलवार को बांध के 6 गेट खोलना पड़े। संजय सरोवर भीमगढ़ बांध के कार्यपालन यंत्री व्हीके उइके ने बताया कि जलस्तर 519.30 मीटर तक पहुंच गया है।

इसके चलते सुबह 10 बजे बांध के 6 गेट खोलकर 30 हजार घनफीट (850 क्युमेक्स) पानी प्रति सेकेेण्ड छोड़ा जा रहा था। इसके बावजूद पानी का इनफ्लो बढ़ता जा रहा था। भीमगढ़ बांध के प्रभारी उदयभान मर्सकोले ने बताया कि शाम को 5 बजे के लगभग सभी 6 गेट को 7-7 मीटर से बढ़ाकर 9-9 मीटर तक खोल दिया गया और 45 हजार घनफीट पानी प्रति सेकेण्ड छोड़ा जाने लगा।

Tags:    

Similar News