Seoni News: सिवनी-लखनादौन निकाय में वेतन के लाले कर्मचारी हो रहे परेशान

  • सिवनी सहित लखनादौन नगर परिषद के कर्मचारी भी परेशान हैं।
  • नगर पालिका सिवनी के लगभग एक सैकड़ा रेग्युलर कर्मचारियों की सैलरी नहीं दी गई है
  • शासन से चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि समय पर न मिलने का रोना भी रोया जा रहा है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-15 09:46 GMT

Seoni News: जिले में निकायों की नगर सरकारों द्वारा किए जा रहे अनाप-शनाप खर्चों के चलते आर्थिक हालत खस्ता हो रही है। इसके असर से कर्मचारियों की तन्ख्वाह देने के भी लाले पड़ रहे हैं। लखनादौन नगर परिषद के कर्मचारियों की तन्ख्वाह दो माह से नहीं हुई है।

सिवनी में भी ऐसा ही आलम है। नगर पालिका सिवनी के लगभग एक सैकड़ा रेग्युलर कर्मचारियों की सैलरी नहीं दी गई है, जबकि आधा अक्टूबर बीत गया है। नगर पालिका के विनियमित व दैनिक वेतन भोगियों की तन्ख्वाह भी 10 अक्टूबर तक नहीं हुई थी।

11 अक्टूबर को सफाई कर्मियों द्वारा काम नहीं करने का अल्टीमेटम दिए जाने के बाद आनन-फानन में सैलरी जारी की गई थी। हालांकि रेग्युलर कर्मियों की सैलरी अब तक न मिलने से वे चिंतित नजर आ रहे हैं।

सिवनी सहित लखनादौन नगर परिषद के कर्मचारी भी परेशान हैं। लखनादौन के कर्मचारियों की तो दो माह से तन्ख्वाह नहीं हुई है। उनका कहना है कि दीपावली जैसा त्यौहार सिर पर है, ऐसे में उन्हें परेशान होना पड़ेगा।

गौरतलब है कि आयुक्त नगरीय प्रशासन विकास एवं आवास विभाग द्वारा हर माह 5 तारीख तक निकायों को तन्ख्वाह प्रदान करने के निर्देश पूर्व में ही दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद तन्ख्वाह समय पर नहीं दी जा रही है।

खर्च पर लगाम नहीं, चुंगी क्षतिपूर्ति का रोना

निकायों में अध्यक्ष व सीएमओ के वित्तीय अधिकार बढ़ा दिए जाने के बाद से खर्चों में तेजी आ गई है। कई ऐसी खरीदी हो रहीं, जिनकी जरुरत तक नहीं। अनाप-शनाप मनमानी खरीदी व खर्च पर लगाम कसने पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

वहीं शासन से चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि समय पर न मिलने का रोना भी रोया जा रहा है।

Tags:    

Similar News