Pune News: हेलीकॉप्टर क्रैश में दो पायलट सहित 3 की मौत, उड़ान के 5 मिनट बाद ही हादसा

  • कोहरे के कारण हुआ हादसा
  • उड़ान के 5 मिनट बाद ही हुई दुर्घटना
  • हेलीकॉप्टर से सुनील तटकरे मुंबई से पुणे आनेवाले थे

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-02 15:17 GMT

Pune News : बावधन में सुबह-सुबह पहाड़ी इलाकों में छाए कोहरे के कारण बुधवार सुबह करीब 7.45 बजे बावधन इलाके में एक निजी हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें दो पायलट समेत एक इंजीनियर इस प्रकार कुल तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के 5 मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूत्रों के अनुसार यह हेलीकॉप्टर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे को लेने के लिए मुंबई जा रहा था।

पुलिस के अनुसार दिल्ली स्थित हेरिटेज एविएशन प्रा. लि. कंपनी के हेलीकॉप्टर ने सुबह बावधन स्थित ऑक्सफोर्ड क्लब के हेलिपेड से उड़ान भरी। यह हेलीकॉप्टर 7 सीटर था। इसमें सवार तीन लोगों की मृत्यु हो गई। मरने वाले दोनों पायलट की पहचान परमजीत रामसिंह सरदार (64) और गिरीश कुमार पी.बी.पिल्लई (53) के रूप में हुई है। इंजीनियर का नाम प्रीतमचंद बाबूराम भारद्वाज (56) है।

पुलिस ने बताया कि बावधन शहर का बाहरी क्षेत्र है। यहां पहाड़ी क्षेत्र में सुबह घना कोहरा था। कोहरे का पुर्वानुमान नहीं आने के कारण यह हादसा हुआ। इस हादसे में हेलीकॉप्टर जलकर खाक हो गया। हेलिपेड से केवल डेढ़ किलोमीटर दूर ही हादसा हो गया। हेलीकॉप्टर क्रैश होने की जानकारी मिलते ही पुणे महापालिका और पीएमआरडी की फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटना की जानकारी मिलने पर हिंजवडी पुलिस भी मौके पर पहुंची।

हेलीकॉप्टर से सुनील तटकरे मुंबई से पुणे आनेवाले थे

यह हेलीकॉप्टर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे को लेने जा रहा था। हेलीकॉप्टर ने पुणे के बावधन स्थित ऑक्सफोर्ड गोल्फ क्लब के हेलिपेड से मुंबई के जुहू के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर कुछ देर तक आसमान में मंडराता रहा और फिर जमीन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सुनील तटकरे मंगलवार को हेलीकॉप्टर से पुणे से बीड के परली गए थे। वहां का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह मुंबई आ गए। बुधवार को तटकरे इसी हेलीकॉप्टर से मुंबई से पुणे आनेवाले थे।

डीजीसीए की टीम करेगी तकनीकी जांच

कन्हैया थोरात, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, हिंजवडी पुलिस स्टेशन के मुताबिक हेलीकॉप्टर हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए ससून अस्पताल भेज दिया गया। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। इस संबंध में तकनीकी जांच के लिए दिल्ली से डीजीसीए की एक टीम रवाना हो गई है। यह टीम हादसे के कारणों का पता लगाएगी।


Tags:    

Similar News