Pune News: हर्षवर्धन पाटिल ने शरद पवार की राष्ट्रवादी में होंगे शामिल, भाजपा को झटका

  • शरद पवार की राष्ट्रवादी में होंगे शामिल
  • हर्षवर्धन पाटिल ने छोड़ी भाजपा
  • अजीत पवार के खाते में जा रही सीट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-04 14:45 GMT

Pune News :  विधानसभा चुनाव के पहले भारतीय जनता पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। भाजपा नेता, राष्ट्रीय सहकारी चीनी मिल महासंघ के अध्यक्ष एवं इंदापुर के पूर्व विधायक हर्षवर्धन पाटिल ने शुक्रवार को इंदापुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा छोड़कर शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। पार्टी में शामिल होने के बाद यह बात तय माना जा रहा है कि हर्षवर्धन पाटिल ही इंदापुर में तुतारी चिह्न पर शरद पवार की पार्टी से उम्मीदवार के तौर पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पश्चिम महाराष्ट्र के बड़े नेता के शरद पवार के साथ चले जाने से इसे बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

अजीत पवार के खाते में जा रही सीट

लोकसभा चुनाव में मिली बड़ी सफलता के बाद आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महायुति के कई नेता महाविकास आघाड़ी में शामिल हो सकते हैं। पुणे जिले के इंदापुर निर्वाचन क्षेत्र में भी पिछले डेढ़-दो महीने में राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदल रहे थे। इससे संभावना जताई जा रही थी कि बीजेपी नेता एवं पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल शरद पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होंगे। इंदापुर की सीट महायुति में अजित पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के खाते में जा रही है। लेकिन, आगामी चुनाव किसी भी हालत में लड़ने की इच्छा जताने वाले हर्षवर्धन पाटिल चुनाव के पहले तुतारी फूंकेंगे। इसी चर्चा के अनुरुप 4 अक्टूबर को हर्षवर्धन पाटिल ने बीजेपी छोड़कर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया।

गुरुवार रात को ही भाजपा के फ्लैक्स हटाए

गुरुवार को पाटिल ने अपने बेटे राजवर्धन पाटिल और बेटी अंकिता पाटिल-ठाकरे के साथ मुंबई में राकां सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात की थी। यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। शरद पवार के साथ हुई बैठक के बाद गुरुवार रात को ही इंदापुर शहर भाजपा कार्यालय पर लगे बीजेपी नेताओं का फ्लैक्स को हटा दिया गया था। इंदापुर शहर में उनके जनसंपर्क कार्यालय पर लगे फ्लैक्स को हटा दिया गया। इस दौरान प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, देवेंद्र फडणवीस, चंद्रशेखर बावनकुले और कमल निशान की तस्वीरें भी हटा दी गईं। उसके बाद शुक्रवार को हर्षवर्धन पाटिल ने इंदापुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और राकां पार्टी में शामिल होने और आगे के राजनीतिक घटनाक्रम पर बात रखी।

शरद पवार ने भी मदद का दिया आश्वासन

पाटिल ने कहा कि लोगों के मन में एक ही बात थी कि मुझे चुनाव लड़ना चाहिए। मैं हाल ही में शरद पवार से मिला और इस बार उन्होंने मुझसे कहा भी कि आपको विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए। शरद पवार ने मुझसे पूछा कि आप क्या निर्णय लेंगे? आप बीजेपी में हैं। शरद पवार ने कहा कि अगर जनता आग्रह करती है तो आपको फैसला लेना चाहिए, मैं बाकी का ख्याल रखूंगा। इसके बाद पाटिल ने शुक्रवार को राकां में प्रवेश करने की घोषणा की। इस घोषणा के बाद पाटिल के बंगले के सामने कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और जश्न मनाया।

फडणवीस से मिलकर जनता की राय बताई

भाजपा को छोड़ने के बारे में पाटिल ने बताया कि कुछ दिन पहले मेरी देवेन्द्र फडणवीस से भी मुलाकात हुई थी। उन्होंने और डेढ़ से दो घंटे तक चर्चा की। उस बैठक के दौरान मैंने अपनी भूमिका रखी थी। मैंने उनसे कहा कि मैं तहसील के लोगों की जिद के खिलाफ नहीं जा सकता। मेरे कार्यकर्ताओं ने मेरे लिए लड़ाई लड़ी है, अन्याय को सहा है। आम लोगों ने मेरा साथ नहीं छोड़ा। आप जिस फैसले की बात कर रहे हैं अगर मैं वह फैसला लूंगा तो यह मेरा निजी फैसला होगा। मुझे लोगों की राय के आधार पर निर्णय लेना होगा। इस पर फडणवीस ने मुझसे कहा कि आप मेरी परेशानी भी समझें। उसके बाद मेरी मुलाकात शरद पवार से हुई।

भातपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दूंगी - अंकिता पाटिल

घोषणा के बाद पाटिल के बेटे नीरा भीमा सहकारी चीनी कारखाने के निदेशक और भाजपा तालुका कोर कमेटी के अध्यक्ष राजवर्धन पाटिल और कन्या भाजपा युवा मोर्चा की जिलाध्यक्ष अंकिता पाटिल ठाकरे ने अपने मोबाइल फोन के व्हाटसएप पर शरद पवार पार्टी की तुतारी का स्टेटस डाल रखा है। पाटिल के निर्णय के बाद अंकिता पाटिल ठाकरे ने बताया कि वह भाजपा के युवा मोर्चा पुणे जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा देंगी।


Tags:    

Similar News