शहर मुख्य बाजार क्षेत्र में हुए नुकसान से भाजपा को जोर का झटका

6 वार्डों में घटा जनाधार शहर मुख्य बाजार क्षेत्र में हुए नुकसान से भाजपा को जोर का झटका

Bhaskar Hindi
Update: 2022-10-04 08:10 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क,शहडोल। पंचायतों में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद शहडोल नगरपालिका में बहुमत से पीछे रह जाने से भाजपा के रणनीतिकारों की नींद उड़ी हुई है। जोर का झटका उसे बाजार में लगा है। मुख्य बाजार क्षेत्र के सभी 6 वार्डों में उसका जनाधार खिसका है। शहर और यहां के व्यापारी वर्ग जो कि भाजपा का हमेशा से बड़ा वोट बैंक माने जाते रहे हैं में हुए नुकसान को लेकर जिला ही नहीं भोपाल स्तर तक आकलन व मंथन हो रहा है। जिला स्तर पर तो इस नुकसान की तात्कालिक भरपाई और विधानसभा चुनाव में शहर में अच्छेे परिणाम हासिल करने उपाध्यक्ष पद पर बाजार में पकड़ रखने वाले परिवार से विजयी पार्टी प्रत्याशी को बैठाये जाने की पैरवी की जाने लगी है।

भाजपा को हुआ नुकसान तो कांग्रेस फायदे में रही

शहडोल नगर पालिका में बहुमत से 8 कदम दूर खड़ी कांग्रेस अपनी बड़ी उपलब्धि यह मान रही है कि, उसके हारे हुए प्रत्याशियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। यही नहीं भाजपा के वोट बैंक में भी सेंध लगाने में वह कामयाब रही। इसी का नतीजा रहा कि मुख्य बाजार क्षेत्र में भाजपा को 2 वार्डों का नुकसान हुआ और उसके पार्षदों की संख्या पिछले चुनाव की तुलना में 4 से घट कर 2 रह गई। इसके उलट कांग्रेस के बाजार क्षेत्र में एक से बढ़ कर 3 वार्ड हो गए हैं। यही नहीं बाजार क्षेत्र के वार्ड नंबर 35 में तो पार्टी प्रत्याशी तीसरे नंबर पर पहुंच गया और निर्दलीय बाजी मार लेे गया। कांग्रेस की यह बढ़त और भाजपा के वोट बैंक में सेंध मारी भाजपा के रणनीतिकारों को परेशान किये हुए है।

तीन नामों का बन रहा पैनल

बाजार क्षेत्र संभला रहे और व्यवसायियों के बीच भाजपा का विश्वास बना रहे इसके लिए उपाध्यक्ष पद के लिए तीन ऐसे नामों का पैनल बनाया जा रहा है जो विधानसभा चुनाव में वोट बैंक को संभाले रखने में कारगर रहें। इसके लिए मुख्य बाजार क्षेत्र के वार्ड 12 तथा वार्ड 20 से विजयी पार्टी प्रत्याशियों के अलावा वार्ड 27 से विजयी पार्टी प्रत्याशियों के नाम आगे बढ़ाये जा रहे हैं। वार्ड 12 और 20 के विजयी प्रत्याशियों के नाम यूं पैनल में शामिल किए जा रहे हैं क्योंकि बाजार के इन 2 वार्डों में भाजपा रिपीट हुई है। जबकि वार्ड 27 के विजयी प्रत्याशी का नाम इसलिए पैनल में लाया जा रहा है क्योंकि उन्होंने ‘टाइ’ में मुकाबला जीता था।

Tags:    

Similar News