नागपुर: बारिश के कारण एसटी को हुआ लाखों का नुकसान, कई इलाकों में अब भी पानी - नहीं लग रही ट्रिप

  • 4 लाख से ज्यादा का नुकसान
  • दूसरे दिन भी 4 हजार किमी से ज्यादा का सफर रद्द

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-22 13:47 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश का असर एसटी महामंडल पर भी पड़ा। जहां एक ही दिन, यानी 20 जुलाई को कुल 15 हजार 1 सौ 94 किलोमीटर का सफर रद्द किया गया। जिसके कारण महामंडल को भी 4 लाख 51 हजार से ज्यादा का राजस्व खोना पड़ा है। सोमवार को भी बारिश की आशंका के चलते स्कूली फेरियां कुल 9 हजार 5 सौ किलोमीटर सफर रद्द किया गया था।

एसटी महामंडल की बसों का सफर हर किसी को पसंद है। बिना कोई झंझट आसानी से टिकट मिलने से छात्र से लेकर नौकरीपेशा सभी इस सफर को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन गत दो दिन से एसटी की चाल बिगड़ी नजर आ रही है। शनिवार को धूआंधार बारिश के कारण नदी नाले उफान पर आ गए थे। जिसके कारण कई जगह पर एसटी बसों को रोकना पड़ा था। विभाग में 263 फेरियां 15 हजार 1 सौ 94 किमी सफर बसों का रद्द किया गया। जिससे प्रशासन को साड़े चार लाख से ज्यादा का नुकसान भी सहना पड़ा है।

इस तरह से हुए रद्द

विभाग में कुल आठ डीपो आते हैं। जिसमें नागपुर शहर में चार हैं, वही ग्रामीण में 4 हैं। बारिश के बाद इस सभी डीपो से बसों के सफर को रद्द किया गया है। जिसमें घाट रो़ड से 9 फेरियां रद्द कर 1 हजार 6 सौ 14 किलोमीटर का सफर रद्द हुआ। गणेशपेठ डीपो से 12 फेरियां रद्द होकर 2 हजार 4 सौ 69 किमी बसें नहीं चलाई गई। उमरेड डीपो से 68 फेरियां रद्द होकर 2 हजार 3 सौ 27 किलोमीटर, काटोल में 17 फेरियां, 9 सौ 21 किलोमीटर, रामटेक से 62 फेरियां, 2 हजार 2 सौ 18 किलोमीटर, सावनेर से 52 फेरियां, 2 हजार 5 सौ 65 किलोमीटर, इमामवाडा से 31 फेरियां, 1 हजार 9 सौ 15 किलोमीटर व वर्धंमान नगर से 12 फेरियां, 1 हजार 1 सौ 65 किलोमीटर रद्द हुए हैं। इसके अलावा सोमवार को साड़े 9 हजार किलोमीटर का सफर रद्द किया गया।

दूसरे दिन भी 4 हजार किमी से ज्यादा रद्द

शनिवार की बारिश के बाद दूसरे दिन भी हालात सामान्य नहीं थे। जिसके चलते कुल 4 हजार 9 सौ 51 किमी सफर रद्द करना पड़ा है। जिससे डेढ़ लाख से ज्यादा का राजस्व नहीं मिल पाया है।


Tags:    

Similar News