नागपुर: बंद खातों में लाडली बहना के पैसे, लाभार्थी बंद खाते फिर सक्रिय करने में जुटे

  • जिले में 9 लाख से ज्यादा महिलाएं पात्र
  • अब करनी होगी यह प्रक्रिया
  • फिर सुर्खियों में जनधन

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-30 11:55 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. प्रधानमंत्री की अपील पर 2014 के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं ने जनधन खाते खोले। सरकारी योजना के पैसे इसी खाते में जमा होते हैं। इस खाते में न्यूनतम राशि रखने की सीमा तय नहीं, लेकिन खाता सक्रिय रहने के लिए 3 से 6 महीने के बीच बैंक ट्रांजेक्शन जरूरी है। जिले में हजारों लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने इस खाते को सक्रिय नहीं रखा। चूंकि यह खाता लाभार्थी के आधार कार्ड से लिंक है, इसलिए लाडली बहना योजना की निधि इस खाते में भी जमा हो रही है। इसका मैसेज लाभार्थियों को मोबाइल पर मिल रहा है।

जनधन फिर सुर्खियों में

2014 के बाद नागपुर जिले में जनधन के दो लाख से ज्यादा खोले गए थे। पिछले कुछ वर्षों से जनधन खातों की चर्चा नहीं हो रही थी। लाडली बहना योजना के पैसे जमा होने के बाद फिर से जनधन खाते सुर्खियों में आ गए हैं।

जिले में 9 लाख से ज्यादा महिलाएं पात्र

जिले में लाडली बहना योजना के लिए 9 लाख से ज्यादा महिलाएं पात्र हुई हैं। अभी तक 5 लाख 48 हजार लाभार्थियों के बैंक खाते में निधि जमा हो चुकी है। ऑनलाइन आवेदन करते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड, स्कूल लिविंग प्रमाणपत्र व बैंक पास बुक स्कैन करनी होती है। जनधन खाता भले ही सक्रिय नहीं है, लेकिन आधार कार्ड से लिंक होने से योजना की राशि इस खाते में भी जमा हो रही है। जनधन खाता सक्रिय नहीं होने से लाभार्थी इस खाते से पैसे नहीं निकाल पा रहे हैं।

अब करनी होगी यह प्रक्रिया

लाभार्थियों को सबसे पहले संबंधित बैंक से संपर्क करना होगा। बैंक की तरफ से एक प्रिंटेड फार्म दिया जाएगा, उसे भरकर बैंक में जमा करना होगा। बैंक से जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद खाता फिर से सक्रिय होगा। खाते पर लगा होल्ड भी हटाना होगा। इसके बाद ही लाभार्थी संबंधित राशि खाते से निकाल सकेगा।

Tags:    

Similar News