नागपुर: खास है इन्क्लूसिव पार्क, केंद्रीय मंत्री गडकरी की मौजूदगी में पार्क का लोकार्पण

  • दिव्यांग पार्क में होंगी कई सुविधाएं
  • मनोरंजन के साथ थेरेपी भी होगी
  • क्षेत्र में अन्य शिक्षण संस्थान होंगे

Bhaskar Hindi
Update: 2024-03-10 07:47 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिव्यांगों को विकास की धारा में लाने और उनके जीवन को और अधिक आरामदायक बनाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनकी दूरदर्शिता से कई योजनाएं साकार हुई हैं, जो आज के समय के लिए भी प्रासंगिक हैं। पीएम के विजन को ध्यान में रखकर नागपुर में साकार किया गया अनुभूति इन्क्लूसिव पार्क, विकलांगों के लिए आत्मसम्मान के साथ मनोरंजन, स्वस्थ जीवन के लिए भारत के शीर्ष श्रेणी के केंद्र के रूप में पहचाना जाएगा।

दिव्यांग पार्क में ऐसी होंगी सुविधाएं

दृष्टिहीनों के लिए स्पर्श एवं महकता उद्यान

पेड़ों की पहचान के लिए ब्रेल स्ट्रिप्स, ब्रेल शतरंज, सांप-सीढ़ी और अन्य खेल

दिव्यांगों के लिए एक आउटडोर स्टेडियम, जहां दिव्यांग संगीत सुन और पढ़ सकेंगे

ओपन जिम और ओपन हॉल।

दिव्यांगों के साथ सामान्य बुजुर्गों को भी लाभ मिलेगा

ऑटिस्टिक बच्चों के लिए भी नीले कमरे की व्यवस्था।

मनोरंजन के साथ थेरेपी भी

उपमुख्यमंत्री फडणवीस अनुभूति इन्क्लूसिव पार्क के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को मुख्यधारा में लाने के लिए बड़ी संख्या में योजनाएं लागू की गई हैं। दिव्यांगों को इसका लाभ मिल रहा है। शहर में दिव्यांगों के लिए एक इन्क्लूसिव पार्क बनाया गया है। इस पार्क को बनाते समय विभिन्न प्रकार की विकलांगता वाले लड़के और लड़कियों के लिए सभी आवश्यक चीजें इस स्थान पर देखी जा सकती हैं। इस जगह पर मनोरंजन के साथ-साथ थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

क्षेत्र में अन्य शिक्षण संस्थान होंगे

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी, विधायक कृष्णा खोपड़े, नागपुर सुधार प्रन्यास सभापति मनोज कुमार सूर्यवंशी, जिलाधीश डाॅ. विपिन इटनकर,नासुप्र ट्रस्टी संदीप इटकेलवार, स्थानीय पार्षद उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि उज्जैन में पहली बार दिव्यांग पार्क बनाया गया। अपनी यात्रा के दौरान जब मैंने उज्जैन में यह पार्क देखा तो मुझे लगा कि नागपुर में भी ऐसा पार्क होना चाहिए। इसके बाद नागपुर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की मदद से यह पार्क एक साल के भीतर बनकर तैयार हो गया। आने वाले समय में इस क्षेत्र में कई शिक्षण संस्थानों के कैंपस आएंगे और विकास की यह दौड़ इसी तरह जारी रहेगी। कार्यक्रम का संचालन रेणुका देशकर ने किया।


Tags:    

Similar News