असर: केंद्र- राज्य सरकार की योजनाओं की मदद से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही - मुर्मू

  • महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हुईं तो पूरा परिवार होगा सशक्त
  • महाराष्ट्र की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं: द्रौपदी मुर्मू
  • केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का असर

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-04 17:22 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को लातूर के उदगीर में महाराष्ट्र सरकार की योजना ‘सरकार आपके द्वार' और ‘मुख्यमंत्री मेरी लाडली बहन योजना’ के लाभार्थियों की सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये दोनों योजनाएं समावेशी और समृद्ध समाज एवं देश के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुर्मू ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की मदद से महाराष्ट्र की महिलाएं आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय साक्षरता और कौशल प्रदान करने के साथ-साथ उनके लिए आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और जवाबदेह शासन के लिए विभिन्न कदम उठा रही है। सरकार नागरिकों के दरवाजे पर बुनियादी सेवाएं पहुंचा रही है, ताकि उन्हें उन सेवाओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की पहल से उन्हें बहुत संतुष्टि मिलती है। ऐसा कहा जाता है कि समान परिस्थितियों में भी महिलाओं में परिवार के आर्थिक संसाधनों का उपयोग आम लोगों की भलाई के लिए करने की समझ पुरुषों से अधिक होती है। अगर हम एक पुरुष को शिक्षित करते हैं तो हम केवल एक व्यक्ति को शिक्षित करते हैं, लेकिन अगर हम एक महिला को शिक्षित करते हैं तो हम पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करते हैं। यह आर्थिक सशक्तिकरण के लिए भी सही है। अगर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी तो पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ी भी सशक्त होगी। उन्होंने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि केंद्र सरकार की ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से देश भर में लगभग एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और नई चेतना बढ़ रही है। कार्यक्रम में मुर्मू ने लाडली बहन योजना की लाभार्थियों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और राज्यपाल सी पी राधाकृष्णनन भी मौजूद थे।इससे पहले राष्ट्रपति ने उदगीर में ध्यान केंद्र के साथ बुद्ध विहार का उद्घाटन किया और भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि भी दी।


Tags:    

Similar News