मुंबई: कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के लिए मची होड़, 200 से ज्यादा आवेदन मिले

  • वर्सोवा से 28 ने मांगा टिकट
  • पार्टी को 200 से ज्यादा आवेदन मिले

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-30 15:53 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, सोमदत्त शर्मा।लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली सफलता के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक सभी के हौसले बुलंद हैं। यही कारण है कि बड़े नेता से लेकर कार्यकर्ता तक हर कोई कांग्रेस के टिकट का चुनाव लड़ना चाहता है। मुंबई में विधानसभा की 36 सीटें हैं, जिसमें कांग्रेस के खाते में आधे से भी कम सीटें आने की संभावना है। लेकिन बावजूद इसके कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने को लेकर होड़ मची हुई है। अभी तक मुंबई कांग्रेस को 200 से ज्यादा आवेदन पत्र मिले हैं। सबसे ज्यादा वर्सोवा विधानसभा से पार्टी के 28 लोगों ने आवेदन किया है। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने को लेकर अच्छा रिस्पांस देखने को मिल रहा है। खबर है कि पार्टी को अभी तक मुंबई में 200 से ज्यादा आवेदन पत्र मिले हैं। जिन नेताओं ने चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है इसमें जिलाध्यक्ष से लेकर पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक से लेकर मौजूदा विधायक शामिल हैं। पार्टी को मुंबई की सभी 36 सीटों पर आवेदन मिले हैं। वर्सोवा सीट से पार्टी के 28 लोगों ने टिकट मांगा है। इसके साथ ही मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने महाविकास आघाडी के दलों से मुंबई में 17 सीटों की मांग की है। हालांकि आघाडी में अभी तक सीटों के बंटवारे पर कोई फैसला नहीं हो सका है।

सूत्रों के मुताबिक मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ की बहन ज्योति गायकवाड़ ने धारावी से टिकट मांगा है। जबकि भाई जगताप बांद्रा पूर्व या जोगेश्वरी पूर्व से चुनाव लड़ना चाहते हैं। चांदिवली सीट से नसीम खान चुनाव मैदान में उतरना चाहते हैं, जबकि असलम शेख ने मालाड, अमीन पटेल ने मुंबा देवी, सुरेश शेट्टी ने अंधेरी पश्चिम, संदीप शुक्ला, गणेश यादव और चरण सिंह सप्रा ने सायन कोलीवाडा से टिकट मांगा है। मुंबई कांग्रेस स्लम सेल के अध्यक्ष सुरेश राजहंस ने चारकोप विधानसभा सीट से टिकट की मांग की है। वर्सोवा से टिकट मांगने वालों में अवनीश सिंह, मुंबई कांग्रेस युवा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हैं।

मुंबई में कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ना चाहती है चुनाव

महाविकास आघाडी के दलों की मुंबई की सीटों के बंटवारे को लेकर बैठक लगातार जारी है। कांग्रेस ने आघाडी के नेताओं के सामने मुंबई में 17 सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रपोजल रखा है। हालांकि अभी तक कुछ सीटों को लेकर बात नहीं बन सकी है। मुंबई की जो सीटें कांग्रेस के खाते में जा सकती हैं उसमें मालाड, चांदिवली, बांद्रा पूर्व, धारावी और मुंबा देवी की सीट प्रमुख हैं।

Tags:    

Similar News