मुंबई: तबेला मालिकों का दापचेरी जाने से इनकार, आरे कॉलोनी में जगह देने की मांग

  • स्थानीय करते हैं परेशान
  • आरे कॉलोनी में जगह देने की मांग

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-31 16:50 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगरपालिका (मनपा) ने शहर के सभी 263 तबेलों को मुंबई से बाहर निकालने के लिए नोटिस जारी किया है। मनपा इन तबेलों के लिए पालघर के दापचेरी में जगह की व्यवस्था कर रही है। लेकिन तबेला मालिकों ने वहां जाने से इनकार कर दिया है। मालिकों का कहना है कि इससे पहले भी तबेलों को दापचेरी भेजा गया था। लेकिन वहां स्थानीय लोगों द्वारा इतना परेशान किया गया कि वे वापस मुंबई चले आए। पिछले महीने मनपा ने मुंबई के तबेलों का सर्वे किया था। जिसमें सामने आया कि शहर में छोटे-बड़े कुल 263 तबेले चल रहे हैं। इनमें से 55 तबेले गैर लाइसेंसी हैं जिसमें 3,607 पशु हैं। जबकि 208 तबेलों को लाइसेंस प्राप्त हैं। इन तबेलों में 6,252 पशु हैं। तबेला मालिको ने आरे कॉलोनी में 10 एकड़ भूमि देने की मांग की है। एक मनपा अधिकारी ने बताया कि 2005 में मुंबई में आई भीषण बाढ़ मेंबड़ी संख्या में पशु मरे थे। उसके बाद तबेलों को स्थानांतरित करने की नीति बनी थी। सरकार के आदेश पर मुंबई के अधिकांश तबेले पालघर के दापचेरी भेजे गए थे। जो बचे हैं उन्हें भी दापचेरी भेजने की योजना तैयार की गई है।

1840 से शहर में चल रहे तबेले

मुंबई में तबेले का व्यवसाय 1840 से चल रहा है। एक समय ऐसा था जब शहरके तबेलों में 90 हजार दुधारू पशु हुआ करते थे। राज्य सरकार ने 1964 में सभी तबेलों को दापचेरी भेजने का आदेश दिया था। लेकिन तबेला मालिकों के विरोध के बाद यह आदेश वापस लेना पड़ा था। हालांकि 1976 में एक बार फिर तबेलों को दापचेरी भेजने की सख्ती की गई।

सी के सिंह, सदस्य, बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर एसोसिएशन के मुताबिक मुंबई की 20फीसदी आबादी को ताजे दूध का सेवन करने की आदत है। इसलिए हमने मनपा से आग्रह किया है कि तबेलों को आरे में जगह दी जाए। भायखला की सब्जी मंडी को नवी मुंबई भेजा गया। बांद्रा में चल रहे कत्लखाने को देवनार में भेजा गया तो तबेलों को मुंबई में क्यों नहीं रखा जा सकता। दापचेरी में स्थानीय लोगों से खतरा है।

किरण दिघावकर, उपायुक्त, मुंबई महानगरपालिका के मुताबिक तबेलों को यदि आरे में जगह मिलती है तो तबेलों की खाली जगह मनपा अपने कब्जे में लेगी। वैसे ज्यादातर तबेले कलेक्टर की जमीन पर हैं। तबेला मालिकों के आग्रह पर हम मनपा आयुक्त की मंजूरी लेकर राज्य सरकार को पत्र लिखेंगे।


Tags:    

Similar News