नया चलन: रिश्ते तय करने के लिए खंगाले जा रहे सोशल मीडिया अकाउंट, पीछे भी हट रहे लोग

  • पोस्ट करने से पहले सावधान हो जाएं नौजवान
  • जीवन का मामला, इसलिए तहकीकात ठीक
  • पार्टी की तस्वीरें देख रिश्ता तय नहीं किया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-06-11 16:02 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, शैलेश तिवारी। सोशल मीडिया में कुछ भी पोस्ट करने वाले सावधान हो जाएं। इससे उनकी शादी तय होने में दिक्कत हो सकती है। इसकी वजह यह है कि आजकल रिश्ते तय करने से पहले लोग लड़का-लड़की के सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रहे हैं। नौकरी देने के पहले कुछ कार्पोरेट कंपनियों से शुरू हुआ यह चलन अब समाज में शादियां तय करने में भी इस्तेमाल हो रहा है। मनपसंद रिश्ते की तलाश में लोग एक-दूसरे की पसंद-नापसंद, उनके प्रोफेशनल स्टेटस और संगत को जानने-समझने के लिए इंस्टाग्राम, लिंकडिन, एक्स, फेसबुक सहित तमाम सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रहे हैं।

पार्टी की तस्वीरें देख रिश्ता तय नहीं किया

कारोबारी दिवाकर सिंह (बदला हुआ नाम) ने बताया, ‘हम मुंबई से पढ़ी-लिखी अपनी बेटी के लिए सुयोग्य वर की तलाश कर रहे हैं। एक रिश्ता पसंद भी आया। लेकिन परिवार की युवा पीढ़ी ने लड़के का सोशल मीडिया अकाउंट चेक किया तो पुरानी तस्वीरों में मित्रों के साथ पीने-पिलाने की पार्टी की कई तस्वीरे दिखीं। कई पोस्ट ऐसी थीं जो हमे उचित नहीं लगीं। इससे रिश्ते के लिए आगे बढ़ने से मन हिचकने लगा और हमने बात आगे नही बढ़ाई।

जीवन का मामला, इसलिए तहकीकात ठीक

कई शादियां तय करा चुके दर्शन तिवारी ने बताया, ‘मेरे एक करीबी मित्र ने लड़के का प्रोफेशनल अनुभव जानने के लिए उसका लिंकडिन प्रोफाइल, एक्स अकाउंट और सामाजिक एवं अन्य एक्टिविटी समझने के लिए इंस्टा, फेसबुक अकाउंट चेक करने के बाद ही शादी तय की। यह चलन उचित है। जब जॉब देने के पहले सोशल मीडिया अकाउंट से तहकीकात की जाती है, तो यह तो जीवन भर के साथ का मामला है।’

वधू के इंस्टा वीडियो देखे थे

नाम न छपने की शर्त पर एक व्यक्ति ने बताया, ‘हमने अपने लड़के का विवाह तय किया और बायोडेटा के साथ आई तस्वीर के अलावा वधू के इंस्टा वीडियो देख लिए थे। यह तय है कि भविष्य में शादियां तय करने का आधार सोशल मीडिया अकाउंट बन जाएगा।’

संतोष पाण्डेय, संस्थापक, ब्राह्मण वर वधू सूचकल के मुताबिक शादियों के लिए अभी कम लोग सोशल मीडिया अकाउंट चेक करते हैं। लेकिन यह चलन धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है।

बीपी सिंह, अध्यक्ष, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, कल्याण के मुताबिक युवा पीढ़ी सिर्फ शादी के बायोडेटा के आधार पर रिश्ते तय नहीं कर रही है। वे एक-दूसरे से मिलने से पहले सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल कर देख लेते हैं।

जेपी यादव, यादव मैरिज ग्रुप के मुताबिक लड़के-लड़कियों के संबंध में जानकारी के लिए लोग सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। यह नया चलन धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रहा है।

विजय पंडित, संयोजक, सरयू पारीण ब्राह्मण मंच के मुताबिक शादियों के लिए सोशल मीडिया पोस्ट खंगालना उचित है। इसका चलन बढ़ रहा है। लेकिन इस आधार पर रिश्ते से मना करना ठीक नहीं है।


...

Tags:    

Similar News