Pune News: केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा भाजपा को वोट नहीं देते, इसलिए मुस्लिम को टिकट नहीं

  • आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने बताई रणनीति
  • राज्य के हर जिले में संविधान भवन का निर्माण कराया जाएगा
  • कांग्रेस ने अल्पसंख्यक मंत्रालय को मुस्लिम मंत्रालय बना दिया था

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-07 15:12 GMT

Pune News : भारतीय जनता पार्टी को चुनावों में मुस्लिम समुदाय का वोट नहीं मिलता। इसलिए आगामी विधानसभा चुनाव में इस समुदाय को भाजपा टिकट नहीं देगी। अगर मुस्लिम समुदाय बीजेपी को वोट देगा, तो इस समुदाय के लोगों को विधायक या सांसदी का टिकट दिया जाएगा। बीजेपी सत्ता में आएगी तो उन्हें भी मंत्री बनाया जाएगा। ऐसे शब्दों में केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मंत्री किरण रिजिजू ने मुस्लिमों को लेकर पार्टी की रणनीति बताई। पुणे दौरे पर आए किरण रिजिजू ने सोमवार ( 7 अक्टूबर ) को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की। रिजिजु ने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठा प्रचार कर रही है कि वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक के कारण मुस्लिम समुदाय की जमीनें छीन ली जाएंगी। झूठा प्रचार करने वालों के पीछे कांग्रेस खड़ी है। देश में कांग्रेस के शासन के दौरान अल्पसंख्यक मंत्रालय मुस्लिम मंत्रालय में तब्दील हो गया था। यह सब मुसलमानों के वोट बैंक के लिए किया जाता था। ऐसा आरोप भी किरण रिजिजू ने लगाया।रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद देश में स्थिति बदली। पहली बार गैर मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को मौका दिया जाने लगा। हम कुल छह अल्पसंख्यक समुदायों के लिए काम करते हैं, ऐसा रिजिजू ने कहा।

- राहुल गांधी विदेश में जाकर देश को गाली देते हैं

कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी द्वारा देश की जनता को गुमराह किया जा रहा है। संविधान खतरे में है, ऐसा गलत प्रचार किया जा रहा है। आज जो कह रहे हैं संविधान खतरे में है, उन्होंने ही संविधान की हत्या की। देश में आपातकाल लगााया। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का कांग्रेस पार्टी और पंडित नेहरू द्वारा लगातार अपमान किया गया। संसद में उन्हें प्रवेश से रोकने की पहल नेहरू ने की। डॉ. आंबेडकर को मंत्रिमंडल में भी शामिल नहीं किया गया। बाद में महात्मा गांधी के अनुरोध पर उन्हें शामिल किया गया। कांग्रेस और उसके नेता कह रहे हैं कि भाजपा के कारण संविधान खतरे में है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश में जाकर देश को गाली देते हैं। देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, ऐसा आरोप किरण रिजिजू ने लगाया।

--राज्य के हर जिले में संविधान भवन का निर्माण कराया जाएगा

रिजिजू ने कहा कि राज्य के हर जिले में संविधान भवन का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस से चर्चा हुई है। केंद्र सरकार की ओर से इसके लिए कुछ फंड मुहैया कराया जाएगा। कुछ धनराशि राज्य सरकार द्वारा जुटाई जाएगी। केंद्र सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के लिए कई कदम उठाने जा रही है, ऐसा रिजिजू ने कहा। रिजिजू ने बताया कि इसमें कौशल विकास केंद्र, खेल का मैदान, पुस्तकालय, छात्रावास शामिल होंगे।

Tags:    

Similar News