स्वास्थ्य लाभ: उपमुख्यमंत्री फडणवीस के चिकित्सा कक्ष से मरीजों को 12.73 करोड़ की मिली मदद

  • मंत्रालय में विशेष चिकित्सा कक्ष
  • विशेष चिकित्सा कक्ष ने राज्य के हजारों रोगियों के जीवन में रोशनी की किरण जगाई

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-07 17:00 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई. उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस के मंत्रालय में विशेष चिकित्सा कक्ष ने राज्य के हजारों रोगियों के जीवन में रोशनी की किरण जगाई है। गरीब-जरूरतमंद मरीजों को कष्टदायक एवं महंगी सर्जरी के लिए उपमुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष के माध्यम से सीधे लाभ दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस कक्ष ने पिछले 8 महीने में 323 मरीजों को कुल 12 करोड़ 73 लाख रुपये का मुफ्त ईलाज कराया है। उपमुख्यमंत्री चिकित्सा कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने बताया कि इसी साल शुरू हुए इस चिकित्सा कक्ष से जनवरी से अगस्त, 2024 तक 323 मरीजों की मदद की गई है। इसमें हृदय रोग, कैंसर, लीवर प्रत्यारोपण, किडनी प्रत्यारोपण, फेफड़ों की बीमारी, हड्डी रोग, अंग प्रत्यारोपण सर्जरी (रिप्लेसमेंट सर्जरी) और गंभीर रोगों की सर्जरी शामिल हैं। नाईक ने इस चिकित्सा कक्ष के माध्यम से राज्य के गरीब मरीजों से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। नाईक ने कहा कि राज्य में लगभग 468 अस्पताल चैरिटी के तहत पंजीकृत हैं और लगभग 12 हजार बिस्तर गरीब और कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए उपलब्ध हैं। इसमें कोकिलाबेन, मुंबई, एच. एन रिलायंस, मुंबई, सह्याद्रि अस्पताल, पुणे, दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल, पुणे, नागपुर के नामित अस्पताल शामिल हैं।

Tags:    

Similar News