Mumbai News: उद्धव ठाकरे का शिंदे पर तीखा तंज - दिल्ली में जेठजी के आगे पूंछ हिलाने का बयान

  • पूर्व मुख्यमंत्री बोले-मैं अडाणी के हाथों में माताओं का मंगलसूत्र नहीं दूंगा
  • भाजपा का नया स्वरूप संघ को स्वीकार है क्या

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-13 13:29 GMT

Mumbai News : शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि शिंदे ने शिवसेना (शिंदे) की दशहरा रैली के विज्ञापन में मराठी को श्वास (सांस) और हिंदुत्व को प्राण बताया है। लेकिन वह विज्ञापन में यह लिखना भूल गए हैं कि उद्योगपति गौतम अडाणी हमारी जान हैं और मैं ‘जेठजी’ का श्वान हूं। वे दिल्ली में पूंछ हिलाने वाले जेठजी के श्वान और भेड़िया हैं। उद्धव ने कहा कि साल, 2024 के लोकसभा चुनाव में गलतफहमी फैलाने के लिए कहा था कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद महिलाओं का मंगलसूत्र छीनकर जिसके ज्यादा बच्चे हैं, उसको दे देंगे। लेकिन भाजपा को बताना चाहिए कि पूरे महाराष्ट्र को अडाणी का मंगलसूत्र पहनाना चाहती है क्या? लेकिन मैं अडाणी के हाथों में महाराष्ट्र की माताओं और बहनों का मंगलसूत्र नहीं दूंगा। ठाकरे ने कहा कि महाविकास आघाडी सरकार बनने के बाद धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए अडाणी को दिया गया टेंडर रद्द करेंगे। शनिवार को उद्धव ने दादर के छत्रपति शिवाजी पार्क मैदान में शिवसेना (उद्धव) की दशहरा रैली संबोधित की। उन्होंने कहा कि मैंने भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ा है, हिंदुत्व नहीं छोड़ा है। उद्धव ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साल 2029 के विधानसभा चुनाव में शत-प्रतिशत भाजपा का नारा दिया है। इसका मतलब है कि उन्होंने मुख्यमंत्री का एक्सपायरी डेट लिख दिया है। उद्धव ने रैली में आए लोगों को शिवसेना (उद्धव) के प्रति निष्ठा के साथ काम करने की शपथ दिलाई।

भाजपा का नया स्वरूप संघ को स्वीकार है क्या

उद्धव ने कहा कि मैं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) का सम्मान करता हूं। लेकिन संघ प्रमुख मोहन भागवत से पूछना चाहता हूं कि भाजपा का नया स्वरूप क्या उन्हें स्वीकार है? भाजपा अब हाइब्रिड हो गई है। उद्धव ने कहा कि सरकार मंहगाई रोक नहीं पा रही है। इसलिए सरकार गाय को राज्य माता का दर्जा देकर उसके पीछे छिपना चाहती है।

उद्धव की प्रमुख घोषणाएं

-आघाडी सरकार बनने के बाद राज्य के हर जिले में छत्रपति शिवाजी महाराज का मंदिर बनवाएंगे। लेकिन देश के अन्य राज्यों में भी शिवाजी महाराज का मंदिर बनाया जाना चाहिए।

-शिंदे सरकार ने बीते 11 दिन में लगभग 1,100 शासनादेश जारी किए हैं। आघाडी सरकार बनने के बाद बिल्डरों की झोली भरने वाले शासनादेश रद्द कर मामला दर्ज किया जाएगा। शिंदे सरकार के पाप में भागीदार राज्य के अधिकारियों को भी जेल भेजा जाएगा।

-बांद्रा (पूर्व) के सरकारी कर्मियों को सरकारी कॉलोनी परिसर में ही घर दिया जाएगा।

-मुंबई मनपा क्षेत्र में लगभग 3 लाख करोड़ रुपए के कार्यों का कार्यारंभ आदेश दिया गया है। आघाडी सरकार बनने के बाद मुंबई मनपा प्रशासन को सभी कार्यों का हिसाब देना पड़ेगा।

-शिवसेना के मामले में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड से न्याय की उम्मीद है।

चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने सत्ता में आने के बाद महायुति सरकार के फैसले को रद्द करने की घोषणा की है। राज्य की लाड़ली बहनों को सावधान रहना चाहिए।


Tags:    

Similar News