Mumbai News: श्रद्धांजलि - रतन टाटा को मिले भारत रत्न, महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव केंद्र को भेजा

  • मंत्रिमंडल की बैठक में टाटा को दी श्रद्धांजलि
  • रतन टाटा को मिले भारत रत्न
  • मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव पास कर केंद्र को भेजा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-10 14:52 GMT

Mumbai News : मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का बुधवार रात निधन हो गया था। उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई थी। इस बीच गुरुवार को मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पहले इस संबंध में शोक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद रतन टाटा की उपलब्धियों को देखते हुए मंत्रिमंडल की बैठक में उन्हें 'भारत रत्न' पुरस्कार देने का प्रस्ताव पेश किया, जिसे ध्वनिमत से पास कर दिया गया। यह प्रस्ताव राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को भेज दिया है। अब इस मामले में केंद्र सरकार को फैसला लेना होगा।

राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शोक प्रस्ताव पेश करते हुए कहा कि उद्योग जगत के विकास के लिए रतन टाटा ने जो योगदान दिया है, उसको भुलाया नहीं जा सकता है। इस प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि वैश्विक मंच पर टाटा समूह ने अलग पहचान बनाई है। यहां तक कि मुंबई पर हुए 26/11 के आतंकी हमले के बाद उनके लिए गए दृढ़ संकल्प और कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष में दिए गए 1 हजार 500 करोड रुपए के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। प्रस्ताव में कहा गया कि मंत्रिमंडल के सभी सदस्य महाराष्ट्र के लोगों की ओर से रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हैं। हम दुख की इस घड़ी में टाटा समूह के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही राज्य सरकार ने महाराष्ट्र में एक दिन के शोक की भी घोषणा की। 

देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री के मुताबिक रतन टाटा सफल उद्योगपति तो थे ही, किंतु वो उससे कहीं ज्यादा बड़े व्यक्तिमत्व थे। समाज और देश के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य बहुत महत्त्वपूर्ण हैं। एक बहुत बड़े मन के व्यक्ति आज हमारे बीच से चले गए हैं, ये देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है।

अजित पवार, उपमुख्यमंत्री के मुताबिक महान उद्योगपति एवं परोपकारी रतन टाटा के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। एक उद्योगपति के रूप में अपने अमूल्य योगदान के अलावा, वे अपने पीछे परोपकार और करुणा की विरासत छोड़ गए हैं, जिसमें देश के प्रति उनका असीम प्रेम भी शामिल है। इस दुख की घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं उनके परिजनों और शुभचिंतकों के साथ हैं।

शरद पवार, अध्यक्ष, राकांपा (शरद) के मुताबिक दुनिया भर में अपनी शानदार उपलब्धियों से देश का मान बढ़ाने वाले टाटा ग्रुप के चेयरमैन उद्योगपति रतन टाटा ने दुनिया को अलविदा कह दिया। देश पर आने वाले हर प्राकृतिक या मानवीय संकट को दूर करने के लिए हमेशा मदद करने के रतन टाटा के स्वभाव को हमेशा याद किया जाएगा। सामाजिक चेतना के माध्यम से अपनी सफलता का मार्ग प्रशस्त करने वाले व्यक्तित्व रतन टाटा को भावभीनी श्रद्धांजलि।

आदित्य ठाकरे, विधायक, शिवसेना (उद्धव) के मुताबिक रतन टाटा सर के निधन से न केवल भारत ने, बल्कि मानवता ने एक दयालु नेता खो दिया है। एक बिजनेस टाइकून जो परोपकार में भी उत्कृष्ट था। मैं उन्हें हमेशा याद रखूंगा। मैंने हर बार उनसे मिलने पर विनम्रता देखी। ऐसी उत्तम आत्माएं दुर्लभ हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

नाना पटोले, प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस के मुताबिक रतन टाटा के निधन से हमने एक असाधारण व्यक्ति को खो दिया है। उनके विजन ने भारत के उद्योग जगत को आकार दिया और उनकी दयालुता और योगदान, खासकर उनके गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए, ने अनगिनत लोगों के जीवन को छुआ। करुणा और नवाचार की उनकी विरासत हम सभी को प्रेरित करती रहेगी। मेरी संवेदनाएं।

Tags:    

Similar News