Mumbai News: उपमुख्यमंत्री फडणवीस के दफ्तर में महिला ने की तोड़फोड़, बैग छूटने का बहाना बना घुसी

  • मुंबई पुलिस आरोपी महिला की पहचान कर उसके घर पहुंची
  • पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मानसिक रूप से विछिप्त
  • मंत्रालय की सुरक्षा में बड़ी चूक, सुरक्षा में तैनात पुलिस अधिकारीयों का गांज गिरनी तय
  • आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी एक मामला है दर्ज

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-27 15:26 GMT

Mumbai News : गुरूवार की शाम को एक बेहद ही चौकाने वाला घटना सामने आई। मंत्रालय की हाई फाई सुरक्षा को चकमा देते हुए एक महिला मंत्रालय में घुसी और वहां पर ६वें फ्लोर पर मौजूद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री व् गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दफ्तर में तोड़फोड़ की। इस दौरान महिला ने वहां मौजूद गमलों और देवेंद्र फडणवीस के नेमप्लेट को तोड़कर नीचे फेंक दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही खलबली मच गई और मुंबई पुलिस ने आनन- फानन में महिला की तलाश शुरु की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी महिला का नाम धनश्री सहस्त्रबुद्धे है और वह दादर पश्चिम के रामगिरी हाइट्स नामक इमारत में ६वें फ्लोर पर रहती है। इस जानकारी के मिलते ही पुलिस की टीम उसके घर पहुंची और उसे हिरासत में लेने की कोशिश में जुटी है। जोन १ के डीसीपी प्रवीण मुंढे ने बताया कि तोड़फोड़ करने वाली महिला की पहचान हो गई है। हमारी टीम उसके घर पर पहुँच कर उसे हिरासत में लेने की प्रक्रिया कर रही है। मुंढे ने बताया कि आरोपी महिला मानसिक रूप से ठीक नहीं है। उसके खिलाफ मुंबई पुलिस में पहले भी इसी तरह का एक मामला दर्ज है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी महिला गुरूवार की शाम करीब ७.३०-८ बजे के बीच मंत्रालय के सचिव गेट से अंदर घुसी थी। सचिव गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को उसने बताया कि उसका बैग अंदर रह गया है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे बिना कोई जांच किये अंदर जाने दिया। अंदर पहुंचने के बाद आरोपी महिला धनश्री सहस्त्रबुद्धे ६वे फ्लोर पर पहुंची और देवेंद्र फडणवीस के दफ्तर में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। तोड़फोड़ के दौरान वह यह कहती नजर आई कि उसे सलमान खान से शादी करनी है,उसका नंबर दो। इस दौरान वह मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने और पकड़ने की कोशिश की,लेकिन वह इन सभी को चकमा देते हुए साऊथ गेट से निकलकर भाग गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही फौरन ४ टीमों का गठन किया गया और इन टीमों ने महिला की तलाश शुरू की। इस दौरान आरोपी महिला की पहचान और उसका पता मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची,लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला दादर में अकेले रहती है। पुलिस की टीम महिला को हिरासत में लेने की कोशिश में जुटी है।

मंत्रालय की सुरक्षा में बड़ी चूक, पुलिसकर्मियों पर गाज गिरनी तय

बेहद ही हाई - फाई सुरक्षा के बावजूद मंत्रालय में इस तरह से एक महिला के घुसना सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक है। जिस समय महिला सचिव गेट से मंत्रालय के अंदर घुसी,उस दौरान एक पुलिस अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मियों की तैनाती थी। इसके बावजूद महिला मंत्रालय में कैसे घुसी,इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। जानकारी के मुताबिक गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों का निलंबन लगभग तय माना जा रहा है।

आरोपी महिला के खिलाफ पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

मंत्रालय में घुसकर तोड़फोड़ करने वाली आरोपी महिला धनश्री सहस्त्रबुद्धे के खिलाफ पहले भी मुंबई पुलिस में मामला दर्ज हो चुका है। मानसिक तौर पर ठीक न होने के चलते उसने अपने सोसाइटी में भी तोड़फोड़ की थी। मामला पुलिस तक पहुंचा था और उसके बाद महिला के भाई ने उसकी जिम्मेदारी लेने की बात कही थी,तब महिला को छोड़ दिया गया था। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि वह अकेले रहती है और कुछ न कुछ हंगामा करती रहती है।

Tags:    

Similar News