Mumbai News: फडणवीस बोले - जो हरियाणा में हुआ, वही महाराष्ट्र में होगा, पटोले ने याद दिलाया कश्मीर का परिणाम

  • उपमुख्यमंत्री ने कहा- राहुल को महाराष्ट्र दूसरी सलामी देगा
  • नाना पटोले बोले- जम्मू और कश्मीर की तरह महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी जीतेगी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-08 15:54 GMT

Mumbai News : लोकसभा चुनाव में लगे झटके के बाद अब हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जीत से महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति में नई जान आ गई है। हरियाणा की जीत से प्रदेश भाजपा उत्साह से लबरेज नजर आ रही है। जबकि विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी में निराशा पैदा हो गई है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस को जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में जीतने का दावा किया है। मंगलवार को हरियाणा में मिली जीत पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया है। फडणवीस ने कहा कि विपक्ष के गठबंधन महाविकास आघाड़ी ने जनता से बेईमानी करके लोकसभा चुनाव जीता था। लेकिन हरियाणा विधानसभा चुनाव में जो परिणाम आए हैं, वही परिणाम आगामी नवंबर महीने में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में आएगा। हरियणा की जनता ने विपक्ष के फेक नरेटिव के खिलाफ मतदान किया है। फडणवीस ने कहा कि लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद राहुल गांधी को पहली सलामी हरियाणा ने दिया है। अब उन्हें दूसरी सलामी महाराष्ट्र देगा। हरियाणा में मिली जीत से महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आत्मविश्वास बढ़ेगा। फडणवीस ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में कौन सा दल जीता, यह महत्वपूर्ण नहीं है। जम्मू और कश्मीर में भारत का लोकतंत्र की जीत हुई है। क्योंकि जो लग कह रहे थे जम्मू और कश्मीर में अनुच्छेद -370 हटाने के बाद खून की नदियां बहेंगी, उनको आकर देखना चाहिए कि जम्मू और कश्मीर में कैसे निष्पक्ष चुनाव हुए हैं। इस चुनाव से पाकिस्तान के मुंह पर करारा तमाचा लगा है।

अब राऊत को कैसा लग रहा है? - फडणवीस

फडणवीस ने शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत पर कटाक्ष करते कहा कि उन्होंने 7 अक्टूबर की रात को मंगलवार को सुबह 9 बजे का लाउडस्पीकर बजाने के लिए स्क्रिप्ट तैयार कर लिया था। लेकिन मुझे उनसे पूछना कि अब कैसा लग रहा है?

चंद्रशेखर बावनकुले- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के कहा हरियाणा में जनता ने डबल इंजन की सरकार को चुना है। अब महाराष्ट्र में भी जनता डबल इंजन सरकार बनाएगी।

नाना पटोले, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम से सही मायनों में मोदी और भाजपा की बड़ी हार हुई है। हमने जम्मू और कश्मीर ने जीत हासिल की है। अब महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेगी।



Tags:    

Similar News