कुपोषण टास्कफोर्स का निर्देश: महुआ फूल के लड्डू दो- एनीमिया को दूर करो, 70 हजार से अधिक किशोर हैं पीड़ित

  • प्रदेश की हर दूसरी महिला को एनीमिया की शिकायत
  • 70 हजार से अधिक किशोर वयीन सिवियर एनीमिया से ग्रसित

Bhaskar Hindi
Update: 2024-02-19 12:51 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई, मोफीद खान। राज्य में बच्चों और किशोर वर्गों में एनीमिया का प्रमाण बढ़ता ही जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए इसे नियंत्रित करने की दिशा में एक नया निर्णय लिया गया है। इसके तहत राज्य के सभी जिलों में एनीमिया से पीड़ित बच्चों को पोषक के रूप में महुआ के फूल से बने लड्डू देने का निर्देश कुपोषण टास्क फोर्स ने दिया है। यह निर्देश राज्य में कुपोषण को लेकर जिलावार की गई समीक्षा बैठक में दी गई है। टास्क फोर्स का मानना है कि इस पोषक आहार से शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा बढ़ेगी और एनीमिया का प्रमाण कम होगा।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा 0 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग में 70 हजार से अधिक बच्चे और किशोर सिवियर एनीमिया से पीड़ित पाए गए हैं। इसके साथ ही राज्य की हर दूसरी महिला एनीमिया से पीड़ित पाई गई है। हालांकि एनीमिया पीड़ितों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार की ओर से विभिन्न उपाय किए जाते हैं। इसमें एनीमिया पीड़ितों को आयरन की गोलियां आदि दी जाती हैं। इसी कड़ी में अब कुपोषण टास्क फोर्स के अध्यक्ष डॉ. दीपक सावंत ने महुआ के फूल के लड्डू देने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह निर्देश कुपोषण को लेकर गडचिरौली जिले में हुई समीक्षा बैठक में दिया।

हर दिन एक लड्डू

समीक्षा बैठक के दौरान जिले में कुपोषण और एनीमिया पीड़ितों को दिए जा रहे पोषक आहार के बारे में प्रस्तुतिकरण एकात्मिक बाल विकास सेवा योजना के जिला अधिकारी ने दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि एनीमिया पीड़ितों को पोषक आहार के रूप में हर दिन महुआ के फूल का एक लड्डू दिया जाता है। यह प्रयोग तीन महीने तक किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम दिखाई दिया। इस सकारात्मक परिणाम को देखते हुए डॉ. दीपक सावंत ने इसे अन्य जिले में लागू करने का निर्देश एकात्मिक बाल विकास सेवा योजना आयुक्त को दिया है।

आयुर्वेद डॉक्टरों की राय

आयुर्वेद मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. हरीश सिंह ने बताया कि महुआ के फूल से विटामिन -सी, प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम, फॉस्फोरस और कार्बोहाइड्रेट मिलता है, जो शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के साथ-साथ हीमोग्लोबिन की मात्रा भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि एनीमिया पीड़ित रोजाना लेनेवाले पोषक आहार के साथ-साथ महुआ फूल के लड्डू अतिरिक्त पोषक आहार के रूप में ले सकते हैं।

Tags:    

Similar News