मंत्रालय: बहुत जल्द शुरू होगा फडणवीस का राज्य स्तरीय विशेष चिकित्सा मदद कक्ष

  • 1 लाख 80 हजार तक की आय वालों का होगा मुफ्त में इलाज
  • मंत्रालय में बहुत जल्द शुरू होगा कक्ष
  • फडणवीस का राज्य स्तरीय विशेष चिकित्सा मदद कक्ष होगा शुरु

Bhaskar Hindi
Update: 2024-01-17 16:30 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई सोमदत्त शर्मा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंत्रालय में एक विभाग को लेकर आमने-सामने आने वाले हैं। दरअसल फडणवीस ने मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष के समकालीन राज्य स्तरीय विशेष चिकित्सा मदद कक्ष शुरू करने का फैसला किया है। फडणवीस का यह विशेष चिकित्सा मदद कक्ष मंत्रालय में पांचवी मंजिल पर बनाया जा रहा है। जिसका उद्घाटन बहुत जल्द फडणवीस के हाथों ही होगा। इस कक्ष के जरिए राज्य भर के वह जरूरतमंद मरीज जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार से कम होगी, राज्य के 450 से ज्यादा अस्पतालों में मुफ्त में इलाज करवा सकेंगे। मुंबई के कोकिलाबेन, लीलावती, ब्रीच कैंडी और हिंदुजा जैसे बड़े नामी गिरामी अस्पताल इसमें शामिल हैं। इस विशेष कक्ष की कमान रामेश्वर नाईक के हाथों में होगी। बताया जा रहा है कि फडणवीस का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है।

उपमुख्यमंत्री फडणवीस के राज्य स्तरीय विशेष चिकित्सा मदद कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने "दैनिक भास्कर" से खास बातचीत में कहा कि जिन लोगों की सालाना आय 1 लाख 80 हजार तक होगी वे लोग राज्य में 450 अस्पतालों में से किसी भी अस्पताल में असीमित इलाज करा सकेंगे। इसके आलावा जिन लोगों की सालाना आय 1 लाख 80 हजार से 3 लाख 60 हजार के बीच होगी तो फिर उन्हें इलाज में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। नाईक ने कहा कि मरीजों का इसके तहत सभी बीमारियों का इलाज हो सकेगा। मरीजों को कागजी कार्रवाई में ज्यादा परेशानियों का सामना न करना पड़े इसके लिए 25 लोगों की एक टीम भी बनाई गई है, जो 24 घंटे कार्य करेगी।

सीएम के तौर पर फडणवीस ने ही शुरू किया था मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष

देवेंद्र फडणवीस ने जब साल 2014 में मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली थी उसके कुछ महीनों बाद ही राज्य के मरीजों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री चिकित्सा मदद कक्ष शुरू करने का फैसला किया गया था। उद्धव ठाकरे के सत्ता संभालने के बाद इस कक्ष को बंद कर दिया गया था। हालांकि एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद फिर से इस कक्ष को शुरू किया गया था। इस समय मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष की जिम्मेदारी मंगेश चिवटे के ऊपर है।

इस कक्ष के जरिए पिछले डेढ़ साल में 21 हजार से ज्यादा गरीब मरीजों को 180 करोड़ रुपए से ज्यादा की आर्थिक मदद जारी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता मदद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।

Tags:    

Similar News