दावा: साल 2024 में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे- बावनकुले

  • प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम में फिर होगा शपथग्रहण
  • साल 2024 में देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
  • बावनकुले का बड़ा दावा

Bhaskar Hindi
Update: 2023-12-04 15:40 GMT

डिजिटल डेस्क, मुंबई। तीन राज्यों में मिली प्रचंड जीत से उत्साहित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि साल 2024 के विधानसभा चुनाव बाद वर्तमान उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वानखेड़े स्टेडियम में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बावनुकले के इस बयान से शिवसेना (शिंदे) नाराज हो गई है। जबकि राकांपा (अजित) ने कहा कि उपमुख्यमंत्री अजित पवार साल 2024 में मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव) ने कटाक्ष किया है। सोमवार को भंडारा में पार्टी के सम्मेलन में बावनकुले ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 48 में से 45 सीटें जीतना हमला पहला संकल्प करना है। हमें लोकसभा चुनाव में विजय नहीं महाविजय हासिल करनी है। इसके लिए राज्य के हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करने का लक्ष्य रखना होगा। बावनकुले ने कहा कि अक्टूबर 2024 में विधानसभा चुनाव होंगे। इसके बाद नवंबर 2024 में महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री शपथ लेंगे। नई सरकार साल 2024 से 2029 तक के लिए होगी। नई सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस शपथ लेंगे। बावनकुले ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि आप बताएं कि वानखेड़े स्टेडियम में किसका शपथ ग्रहण चाहते हैं। जिस पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक सूर में फडणवीस का नाम लिया। जिसके बाद बावनकुले ने कहा कि फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाना दूसरा संकल्प है। बावनुकले ने कहा कि साल 2024 में ही राज्य भर में मनपा, नगर पालिका और नगर पंचायत के चुनाव होंगे। नगर निकाय चुनाव में सभी सीटें जीतना तीसरा संकल्प है।

अजित ही मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे- अमोल मिटकरी

राकांपा (अजित) के विधायक अमोल मिटकरी ने कहा कि भाजपा को पांच में से तीन राज्यों में बड़ी जीत मिली है। इसलिए बावनुकले का आत्मविश्वास बढ़ना स्वभाविक है। लेकिन राकांपा (अजित) ने उपमुख्यमंत्री अजित को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया है। इसलिए साल 2024 के विधानसभा चुनाव बाद अजित ही वानखेड़े स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

महायुति में खटास पैदा न करें बावनकुले- संजय शिरसाठ

शिवसेना (शिंदे) के विधायक संजय शिरसाट ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को महायुति में खटास पैदा होने वाला बयान नहीं देना चाहिए। जिन राज्यों में भाजपा को जीत मिली है वहां के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष यह कहने की स्थिति में नहीं हैं कि उनके प्रदेश का मुख्यमंत्री कौन होगा? क्योंकि उन्हें अधिकार नहीं है। इसलिए बावनुकले को भी बार-बार मुख्यमंत्री पद को लेकर बयान देने से बचाना चाहिए। पहले विधानसभा चुनाव होने दीजिए। इसके बाद मुख्यमंत्री पद के बारे में तीन दलों के वरिष्ठ नेता फैसला लेंगे।

सपने में जी रहे हैं बावनुकले - नाना पटोले

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि बावनुकले सपने में जी रहे हैं। उन्होंने अभी तक महाराष्ट्र की वैचारिक पृष्ठभूमि को जाना ही नहीं है।

भाजपा शिंदे को जगह दिखाने वाली है- दानवे

विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि भाजपा लगातार कह रही है कि मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगी। लेकिन भाजपा ने यह नहीं कहा है कि विधानसभा चुनाव बाद शिंदे ही मुख्यमंत्री पद पर कायम रहेंगे। इसका मतलब यह है कि भाजपा शिंदे को जगह दिखाने वाली है।

Tags:    

Similar News