Breaking News: आज की बड़ी खबरें 26 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 26 April 2025 9:05 AM IST
उप्र में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया
उप्र के मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि, लखनऊ मुरादाबाद आगरा बरेली कानपुर गोरखपुर सहित कई जिलों में तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि की चेतावनी दी है।
- 26 April 2025 8:55 AM IST
गोरखपुर में दर्दनाक हादसे में 2 की मौत, 5 घायल
गोरखपुर में एक दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत की खबर है। जानकारी के अनुसार, गुलरिहा के रघुनाथपुर टोला भगवानपुर में एक तेज रफ्तार कार ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे एक परिवार के सात लोगों को कुचल दिया। इससे माँ-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य पांच गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
- 26 April 2025 8:45 AM IST
आतंकियों के दो मददगारों को सुरक्षाबलों ने पकड़ा
पहलगाम के गुनहगारों की तलाश में सुरक्षाबलों की ओर से लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने कैमूह कुलगाम में नाका चेकिंग के दौरान आतंकियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया।
- 26 April 2025 8:35 AM IST
पाकिस्तान ने LoC पर किया सीजफायर का उल्लंघन
पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर एक बार फिर से सीजफायर का उल्लंघन किया है। पाकिस्तानी सेना ने रातभर गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने पूरा जवाब दिया। यह फायरिंग पाकिस्तान की ओर से एलओसी की कई चौकियों से की गई है।
- 26 April 2025 8:25 AM IST
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले की कठोरतम शब्दों में निन्दा की है। सुरक्षा परिषद ने इस 'निंदनीय आतंकी कृत्य' के दोषियों, उनकी वित्तीय मदद करने वालों की जवाबदेही तय करने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने पर बल दिया है।
- 26 April 2025 8:15 AM IST
सत्येंद्र जैन की मानहानि याचिका पर फैसला आज
दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन द्वारा भाजपा नेता करनैल सिंह के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट आज फैसला सुनाएगी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पारस दलाल की अदालत ने याचिका की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था।
- 26 April 2025 8:05 AM IST
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर वेटिकन सिटी जाएंगी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी है।
Created On :   26 April 2025 8:00 AM IST