लोकसभा चुनाव हिमाचल प्रदेश: चुनाव लड़ने से इंकार कर चुकी प्रतिभा सिंह का यूटर्न! मंडी सीट से कंगना के खिलाफ हो सकती हैं उम्मीदवार

चुनाव लड़ने से इंकार कर चुकी प्रतिभा सिंह का यूटर्न! मंडी सीट से कंगना के खिलाफ हो सकती हैं उम्मीदवार
  • हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का यूटर्न!
  • कहा - आलाकमान के आदेश का पालन करेंगी
  • पहले लोकसभा चुनाव लड़ने से किया था इंकार

डिजिटल डेस्क, शिमला। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके बाद से ही आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर हिमाचल सुर्खियों में बना हुआ है। क्वीन कंगना के चुनाव में उतरने के कारण मंडी हॉट सीट बन गई है। लोकसभा चुनाव के अलावा हिमाचल के 6 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होने वाले हैं। भाजपा ने हिमाचल के 4 लोकसभा सीट सहित विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं कांग्रेस ने अब तक प्रत्याशियों के नाम तय नहीं किए हैं।

आलाकमान के आदेश का पालन

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पहले लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी। हालांकि, अब उन्होंने यू-टर्न लेते हुए आलाकमान के आदेश का पालन करने की बात कही है। प्रतिभा सिंह ने कहा, "मैं स्पषट कर दूं कि मैंने कभी नहीं कहा कि मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी। मैंने आलाकमान को अपनी इच्छा बताई थी, चूंकि कांग्रेस को छह विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव लड़ना है, इसीलिए मैं खुद चुनाव न लड़कर पार्टी को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हूं। हालांकि, आलाकमान जो भी फैसला करेगा, मैं उसका पालन करूंगी।"

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा हाईकामन के आदेश का पालन किया है। साल 2021 में पति वीरभद्र सिंह के निधन के सिर्फ दो महीने बाद हाईकमान ने उन्हें मंडी लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ने को कहा था, वह चुनाव लड़ना नहीं चाहती थी। प्रतिभ सिंह ने कहा कि उन्होंने आलाकमान के फैसले का सम्मान किया। उस समय राज्य के साथ-साथ केंद्र में भी बीजेपी की सरकार थी। इस बार भी आलाकमान चो कहेगा, मैं वहीं मानूंगी।

जल्द आएगी उम्मीदवारों की सूची

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के ताजा बयान के बाद उनके मंडी सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज हो गई है। अगर ऐसा होता है तो मंडी में कंगना का मुकाबला प्रतिभा सिंह से होगा। बता दें कांग्रेस पार्टी कुछ ही दिनों में हिमाचल प्रदेश के 6 लोकसभा सीट और सभी 4 लोकसभा सीटों पर जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। 5 अप्रैल को दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होने वाली है जिसमें कमेटी अध्यक्ष भक्त चरणदास की अध्यक्षता में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खु, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शामिल होंगे। इसके बाद 6 अप्रैल को स्क्रीनिंग कमेटी की दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक में उम्मीदवारों के नाम पर फाइनल मुहर लगेगी।

Created On :   4 April 2024 6:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story