Shahdol News: प्रमुख शक्तिपीठों में एक भठिया मंदिर बना आस्था का केंद्र, शारदेय नवरात्रि पर मां की भक्तिमें डूबे श्रद्धालु, पंडालों में उमड़ रही भीड़

प्रमुख शक्तिपीठों में एक भठिया मंदिर बना आस्था का केंद्र, शारदेय नवरात्रि पर मां की भक्तिमें डूबे श्रद्धालु, पंडालों में उमड़ रही भीड़
  • शारदेय नवरात्रि पर पूरे अंचल में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है
  • देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु
  • जिले के प्रमुख शक्तिपीठों में भक्तों का लगा तांता

Shahdol News। आदिशक्ति जगत जननी मां दुर्गा की उपासना के महापर्व शारदेय नवरात्रि पर पूरे अंचल में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।देवी मंदिरों में जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, वहीं विविध रूपों में पंडालों में विराजीं मां के दर्शन के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। नवरात्रि पर जिले के प्रमुख शक्तिपीठों में भक्तों का तांता लगा हुआ है, इन्हीं में से एक जैतपुर ब्लाक मुख्यालय स्थित भठिया देवी मंदिर आस्था का केंद्र बना हुआ है। शाम होते ही मंदिर रंग बिरंगी रोशनी से नहा उठता है। सुबह 4 बजे से देर रात तक भक्तों का आना होता है। गौरतलब है कि मंदिर में मां सिंहवाहिनी देवी की नयनाभिराम प्रतिमा स्थापित है। जिसे भठिया देवी मंदिर के रूप में भी जाना जाता है। मंदिर में हर समय भक्तों के आने जाने का सिलसिला चलता रहता है, लेकिन नवरात्र के समय भक्तों की काफी संख्या में बढ़ जाती है।

कल्चुरी कालीन है यह मंदिर- भठिया देवी मंदिर का इतिहास अति प्राचीन है। मंदिर के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। माता सिंहवाहिनी की विशाल प्रतिमा खुदाई से प्राप्त हुई है। इस मंदिर की स्थापना कल्चुरी काल के राजाओं ने की थी। सबसे पहले यहां जंगल ही जंगल था, धीरे-धीरे बस्ती बसने लगी तो आसपास के लोगों ने सामूहिक रूप से मिलकर इस मंदिर का विकास कराया। अब स्थिति यह है कि इस मंदिर को जिले के प्राचीन मंदिरों में प्रमुखता से गिना जाता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष मन्दिर की साज सज्जा आकर्षण ढंग से की गई है।

8 किमी दूर से पहुंची 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा

भठिया मंदिर में मां सिंहवाहिनी देवी को 251 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। इसके लिए शनिवार को आठ किलोमीटर की चुनरी यात्रा निकाली गई। राष्ट्र सेविका समिति द्वारा ग्राम पंचायत रसमोहनी के ठाकुर बाबा से चुनरी यात्रा निकाली गई। जो 8 किलोमीटर की दूरी तय कर मां सिंहवाहिनी माता मंदिर भठिया पहुंची। जहां चुनरी मां को समर्पित किया गया।

मातृशक्तियों ने शहर में निकाली भगवा शोभायात्रा

संभागीय मुख्यालय उस समय भगवामय हो उठा जब मातृशक्तियां भारतीय वेशभूषा में सडक़ पर उतरीं। अवसर था राष्ट्र सेविका समिति की मातृशक्तियों द्वारा भव्य भगवा शोभा यात्रा का। आदिशक्ति मां जगदंबा की उपासना के पावन पर्व नवरात्रि के उपलक्ष्य पर राष्ट्र सेविका समिति की मातृशक्तियों द्वारा शनिवार को विशाल शोभा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा दुर्गा मंदिर में प्रारंभ हुई। नगर भ्रमण के करते हुए वापस दुर्गा मंदिर में ही भव्य आरती के साथ शोभा यात्रा का समापन हुआ। शोभा यात्रा में मातृशक्तियों द्वारा शोभा यात्रा को भगवा और लाल भारतीय वेशभूषा के साथ भगवामय बनाया गया।

Created On :   7 Oct 2024 7:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story