अडानी को डुबा रही है छत्तीसगढ़ से गई पनौती : बघेल

डिजिटल डेस्क, रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ में काम कर चुके दो पूर्व अफसरशाहों को पनौती बताते हुए कहा कि उनकी वजह से ही अडानी समूह डूब रहा है। यहांं मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ से जो दो पनौती अडानी के पास गए हैं वे पहले जिसके साथ थे वे डूब गए। वे जबसे वहां गए हैं तो उनकी हालत देख लीजिए। कांग्रेस नेताओं पर ईडी के छापों से जुड़े सवाल पर बघेल ने कहा, विनोद तिवारी के यहां छापा केवल इसलिए डाला क्योंकि उसने रमन सिंह के खिलाफ शिकायत की थी। आरपी सिंह के यहां छापा अमन सिंह के खिलाफ शिकायत करने के कारण डाला गया। मुख्यमंत्री ने कहा, जैसे-जैसे चुनाव आएगा वैसे-वैसे केंद्रीय एजेंसियां सक्रिय होंगी।
न्यायालय जाने की तैयारी
राज्य सरकार ईडी के छापों के खिलाफ न्यायालय जाने की तैयारी है। बताया जा रहा है, पीडि़तों की शिकायतों के आधार पर इसकी भूमिका तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मंगलवार को इसके संकेत देते हुए कहा था कि, ईडी लगातार परेशान कर रही है। लोगों को प्रताडि़त कर रहे हैं। झूठे केस में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। पीडि़त पक्ष के द्वारा आवेदन दिया गया है। हमने केंद्र सरकार को भी अवगत कराया है। उसके बाद भी केंद्र सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। अब हमारे पास न्यायालय में जाने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। इस मामले को न्यायालय तक ले जाएंगे।
Created On :   23 Feb 2023 12:38 PM IST