सडक़ हादसे में पति की मौत, पत्नी-बेटा घायल माहुलझिर में दुपहिया वाहनों की भिड़ंत

डिजिटल डेस्क, परासिया/छिंदवाड़ा। माहुलझिर के ऑडीटोरिया के जंगल में रविवार दोपहर दुपहिया वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में अनहोनी जा रहे बाइक सवार दंपती और उनके बेटे के अलावा दूसरी बाइक सवार युवक को चोट आई है। घायलों को तामिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां चिकित्सकों ने पति को मृत घोषित कर दिया। वहीं पत्नी व बेटे का इलाज चल रहा है।
एसआई लक्ष्मीप्रसाद गुप्ता ने बताया कि नवेगांव के माचीघाट निवासी ३५ वर्षीय सुमल सिंह भोपा रविवार को पत्नी सरिता भोपा और बेटे ३ वर्षीय सुमित के साथ अनहोनी में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। उसके परिवार के अन्य सदस्य बस से अनहोनी पहुंच गए थे। ऑडीटोरिया के जंगल में सामने से आ रहे बाइक सवार धगडिया निवासी शनिलाल ने सुमल की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुमल की मौत हो गई। वहीं सरिता और सुमित तामिया अस्पताल में भर्ती है। दूसरी बाइक सवार शनिलाल को भी चोट आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
हादसे में घायल युवक की मौत-
अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि बटकाखापा के दामकोह निवासी ४५ वर्षीय धिरी पिता मिसुरी सरेयाम गत दिवस झरना से घोड़ावाड़ी के बीच चौपहिया सवारी वाहन से सडक़ पर गिर गया था। गंभीर रुप से घायल धिरी को अमरवाड़ा अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। यहां से परिजनों ने उसे निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान शनिवार देर रात धिरी की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
Created On :   17 April 2023 12:04 PM IST