- Home
- /
- बिहार: गवर्नर हाउस में 20 स्टाफ...
बिहार: गवर्नर हाउस में 20 स्टाफ सदस्यों को हुआ कोरोना, BJP प्रदेश अध्यक्ष भी पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क, एएनआइ। बिहार में गवर्नर हाउस में लगभग 20 स्टाफ सदस्यों को कोरोना हो गया है। जांच में ये सभी COVID-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। उधर, बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोरोना की दस्तक हो चुकी है। बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ़ संजय जायसवाल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनके अलावा उनकी पत्नी और मां भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं।
पटना से लौटने के बाद संजय जायसवाल की कोरोना जांच कराई गई, जिसके बाद उन्हें पॉजिटिव पाया गया। जांच में मां और भाभी (संजय जायसवाल की पत्नी) भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। घर में परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
पार्टी सूत्रों के से मिली जानकारी के अनुसार संजय जायसवाल को सर्दी खांसी व हल्का बुखार था। पिछले सप्ताह वह पार्टी की क्षेत्रीय बैठक में शामिल होने आए थे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पार्टी के पांच अन्य पदाधिकारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
गौरतलब है कि बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बिहार में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 18,853 तक पहुंच गई है।
पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन 1000 से ज्यादा लोगों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हो रही है। कई आईएएस और आईपीएस अधिकारी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
Created On :   15 July 2020 12:10 PM IST