सावन का तीसरा सोमवार: अपनी प्रजा का हालचाल जानने नगर भ्रमण पर निकले राजाधिराज महाकाल, डमरू वादन में उज्जैन ने रचा विश्व कीर्तिमान

अपनी प्रजा का हालचाल जानने नगर भ्रमण पर निकले राजाधिराज महाकाल, डमरू वादन में उज्जैन ने रचा विश्व कीर्तिमान
  • सावन महीने का तीसरा सोमवार आज
  • बाबा महाकाल की सवारी निकली
  • उज्जैन ने नाम दर्ज हुआ विश्व रिकॉर्ड

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। आज भगवान शिव के प्रिय महीने सावन का तीसरा सोमवार है। इस दिन उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी निकाली जा रही है। भगवान शिव की सवारी में महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर तो वहीं, हाथी पर मनमहेश के स्वरूप में और गरुड़ रथ पर भगवान शिव तांडव के स्वरूप में विराजित हैं।

महाकाल की सवारी सोमवार 4 बजे से शिप्रा तट के लिए निकली। 5 किलोमीटर लंबे मार्ग में महाकाल के भक्त उनकी सवारी के साथ झूमते और जय महाकाल और बम-बम भोले के नारे लगाते हुए चले। सवारी निकलने से पहले भजन मंडली काठी नृत्य दल के मेंबर नाचते-गाते रवाना हुए।

उज्जैन ने रचा कीर्तिमान

वहीं, बाबा महाकाल की सवारी निकलने से पहले उज्जैन के नाम एक वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हो गया। आज महाकाल लोक के नजदीक स्थित शक्ति पथ पर 1500 लोगों ने एक साथ 10 मिनट तक डमरू बजाया। इस तरह सबसे ज्यादा लोगों द्वारा डमरू बजाने का रिकॉर्ड बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के नाम दर्ज हो गया।

गिनीज बुक की ओर से ऋषिनाथ ने इसका प्रमाण पत्र उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक सतीश मालवीय और साधु संतो को प्रदान किया। बता दें कि इससे पहले ये रिकॉर्ड न्यूयार्क के नाम था जहां साल 2021 में 488 लोगों ने एक साथ डमरू बजाया था।

सीएम ने दी बधाई

उज्जैन के नाम रिकॉर्ड दर्ज होने पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उज्जैन से विधायक डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'बाबा महाकाल की नगरी को डमरू की नाद से गुंजायमान करने की एक इच्छा आज साकार हो गई। आज पवित्र श्रावण के तीसरे सोमवार को जब भस्म आरती की धुन पर डमरू वादन कर उज्जैन ने "गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड" में अपना नाम दर्ज कराया, तो इस अद्भुत एवं अलौकिक अनुभूति को शब्दों में बांधना बहुत मुश्किल हो गया। बाबा महाकाल हम सभी पर इसी तरह अपनी कृपा बनाए रखें। बाबा महाकाल के समस्त भक्तों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई।' डमरू उत्सव में डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी उपस्थित रहे।

Created On :   5 Aug 2024 1:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story