जैवलिन थ्रो में भारत का जलवा: नीरज चोपड़ा ने डिफेंड किया अपना एशियन गेम्स टाइटल, लगातार दूसरी बार जमाया गोल्ड पर कब्जा, किशोर जेना ने जीता सिल्वर मेडल

- नीरज चोपड़ा ने किया 88.88 मीटर का थ्रो
- किशोर जेना ने किया 87.54 मीटर का थ्रो
डिजिटल डेस्क, हांगझोऊ। चाइना के हांगझोऊ में हो रहे 19वें एशियन गेम्स में बुधवार शाम को गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने जैवलीन थ्रो में एक बार फिर से देश को गोल्ड मेडल दिलाया है। जबकि भारत के ही किशोर कुमार जेना ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। जैवलीन थ्रो के फाइनल राउंड में नीरज चोपड़ा ने इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.88 मीटर का थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल और किशोर कुमार जेना ने अपना करियर बेस्ट 87.54 मीटर के थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। इन दोनों मेडल्स के साथ भारत के नाम इस एशियन गेम्स में अब कुल 80 मेडल हो चुके हैं।
एशियन गेम्स के इस इवेंट में नीरज चोपड़ा की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 87 मीटर का उनका पहला प्रयास रिकॉर्ड नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने दोबारा से अपने पहले प्रयास में 82.38 मीटर का थ्रो किया। दूसरे प्रयास में नीरज ने 84.38 मीटर का थ्रो किया। जबकि उनका तीसरा प्रयास फाउल रहा। इसके टॉप-8 एथलिट्स के बीच हुए फाइनल राउंड के पहले और ओवरऑल चौथे प्रयास में नीरज ने इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.88 मीटर का थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल पक्का कर लिया। नीरज ने अपने पांचवें प्रयास में 80.80 मीटर का थ्रो किया। जबकि उनका अंतिम प्रयास फाउल रहा।
किशोर ने किया ओलंपिक के लिए क्वालिफाई
नीरज चोपड़ा की तरह किशोर कुमार जेना की शुरुआत भी खराब रही। शुरुआत दो प्रयासों में किशोर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके। लेकिन अपने तीसरे प्रयास में उन्होंने अपना करियर बेस्ट 86.77 मीटर का थ्रो करते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमाया। जबकि फाइनल राउंड के पहले प्रयास में उन्होंने एक बार फिर से अपना करियर बेस्ट 87.54 मीटर का थ्रो करते हुए सिल्वर मेडल पक्का कर लिया। अपने इस दमदार प्रदर्शन के साथ किशोर जेना ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
Created On :   4 Oct 2023 6:16 PM IST