लोकसभा चुनाव 2024: आदिवासियों के जमीन क्लेम एक साल में सेटल करेंगे-राहुल गांधी

आदिवासियों के जमीन क्लेम एक साल में सेटल करेंगे-राहुल गांधी
  • कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का शहडोल दौरा
  • केंद्र की मोदी सरकार पर साधा निशाना
  • मोदी ने 22-25 लोगों का 16 लाख करोड़ कर्जा माफ किया-गांधी
  • कांग्रेस नेता बोले इतने में 24 साल चलता मनरेगा

डिजिटल डेस्क,शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल में कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार शाम शहडोल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार बनने पर आदिवासियों के जमीन संबंधी क्लेम एक साल में सेटल करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 22-25 लोगों का 16 लाख करोड़ रूपए का कर्जा माफ किया। यह इतनी बड़ी राशि है आम आदमी हिसाब नहीं लगा पाएंगे। इसको ऐसे समझें कि देशभर में मनरेगा चलाने में 65 हजार करोड़ रूपए लगते हैं तो मोदी सरकार ने 22-25 लोगों के लिए 24 साल का मनरेगा का पैसा कर्ज माफ कर दिया।

कांग्रेस उम्मीदवार फुंदेलाल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये 22-25 लोग अरबपति हैं। इनके पास सब कुछ है। हवाई जहाज है। बंगले हैं। इनके पास इतना पैसा है कि आम आदमी से तुलना करें तो देश के 70 करोड़ लोगों के बराबर पैसा इन 22-25 लोगों के पास है। ऐसे में अगर मोदी सरकार इन अरबपतियों को 24 साल के मनरेगा का पैसा दे सकती है तो कांग्रेस पार्टी गरीबों को, किसानों को, आदिवासियों को, पिछड़ों को, गरीब जनरल कास्ट के लोगों को भी पैसा दे सकती है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी तो महालक्ष्मी योजना लागू की जाएगी। इसमें प्रत्येक गरीब परिवार में एक महिला के खाते में हर साल अलग-अलग समय में एक लाख रूपए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने 22 लोगों का कर्जा माफ किया हम करोड़ों परिवार की जिंदगी खुशहाल बनाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि नोटबंदी और गलत जीएसटी के कारण छोटे, मिडिल साइज फैक्ट्री चलाने वाले बर्बाद हो गए। इन फैक्ट्रियों में 50-100 लोगों को काम मिलता था तो वे बेरोजगार हो गए। नोटबंदी, गलत जीएसटी ने उन सबको खत्म कर दिया। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है क्योंकि केंद्र की मोदी सरकार 22-25 लोगों के लिए काम करती है। यह दो विचारधाराओं की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी दूसरी तरफ भाजपा आरएसएस के लोग हैं। हम आपको आदिवासी कहते हैं, मोदी जी आपको वनवासी कहते हैं।

आदिवासी मतलब वो लोग जो इस धरती के पहले मालिक थे, जल, जंगल और जमीन पर जिनकों अधिकार मिलना चाहिए। बीजेपी कहती है आदिवासी नही वनवासी थे। वनवासी का मललब जो जंगल में रहते हैं तो जमीन और जल, जंगल पर कैसा हक। वो आपके इतिहास को, आपके भाषा को, आपके जीने के तरीके को खत्म करने का काम कर रहे हैं। सभा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व काग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव, कुणाल चौधरी, जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता, अजय अवस्थी सहित शहडोल संसदीय क्षेत्र के सभी 8 विधानसभा से कांग्रेस नेता मंचासीन रहे।

महिला, युवा, किसानों पर नजर

-प्रत्येक गरीब परिवार में एक महिला के खाते में एक साल में एक लाख रूपए देने की घोषणा में गरीब जनरल कास्ट को भी जोड़ा।

- युवाओं को साधने के लिए देशभर में नौकरियों के 30 लाख खाली पद भरने और स्टायपेंड के साथ अप्रेटिंस के अधिकार की बात कही।

- किसानों की चिंता पर एमएसपी कानून बनाकर पूरे देश में लागू करने के साथ ही किसानों के कर्ज माफ करने कहा।

-नोटबंदी-जीएसटी से छोटे उद्योगों के बंद होने का कारण बताकर बेरोजगारी बढऩे की बात कही।

Created On :   9 April 2024 4:10 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story