बिहार सियासत: तेजस्वी यादव के भ्रष्टाचार वाले आरोप पर भड़के बीजेपी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा, RJD को भी सुनाई खरी खोटी, जानें कैसे शुरू हुआ विवाद?

- बिहार में सियासी पारा हाई
- बीजेपी नेता ने तेजस्वी यादव को घेरा
- आरजेडी पर भी साधा जोरदार निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसको लेकर पार्टियों ने तैयारी करनी शुरू कर दी है। दल एक दूसरे पर हमलावर हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी प्रवक्ता प्रभाकर मिश्रा ने राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव के भ्रष्टाचार वाले आरोप पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता नीतीश सरकार के काम से बेहद खुश है। वहीं, तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि आरजेडी नेता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता का पलटवार
प्रभाकर मिश्रा ने तेजस्वी यादव को घेरते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की मानसिक स्थिति इन दिनों गड़बड़ा गई है। बिहार में स्थापित सुशासन और कानून का राज उन्हें अपच किए हुए है। जंगलराज के शूरवीरों का कुछ चल नहीं रहा है इसलिए उनकी बेचैन आत्माएं भटक रही हैं। 20 वर्षों के नीतीश राज में बिहार में हुई तरक्की तेजस्वी यादव को दिख नहीं रही है। युवाओं की किस टोली ने जंगलराज को फिर से स्थापित करने की ठानी है, जरा तेजस्वी खुलकर बताएं।
उन्होंने आगे कहा कि हालात तो यहा है कि बिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वकास कार्यों से काफी ज्यादा खुश है। तेजस्वी इसी चीज से परेशान हैं कि विधानसभा में क्या मुंह लेकर जनता के बीच में जाएंगे।
आरजेडी पर निशाना
प्रभाकर मिश्रा ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि आप और आपकी पार्टी (आरजेडी) अपने कारनामों को लेकर जनता की नजर में गिर चुकी है।
कहां से शुरू हुआ विवाद?
तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर कई आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि बिहार में 15 साल पुरानी गाड़ी चलाने की अनुमति नहीं है क्योंकि वह ज्यादा धुंधा फेंकती है, प्रदूषण बढ़ाती, जनता के लिए हानिकारक है तो फिर एनडीए की 20 साल पुरानी जोड़-तोड़, पलटा-पलटी वाली खटारा सरकार क्यों चलेगी? 20 वर्षों की नीतीश सरकार ने विगत 20 साल में बिहार के हर गली-हर टोला-हर गांव में गरीबी, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन रूपी भयंकर प्रदूषण फैला दिया है। नीतीश-भाजपा सरकार ने वर्षों में दो पीढ़ियों का जीवन बर्बाद कर दिया। अब यह सरकार बिहारवासियों पर बोझ बन चुकी है। अब इसे बदलना अति आवश्यक है।
Created On :   1 March 2025 4:02 PM IST