कांग्रेस ओवरसीज अध्यक्ष के बयान पर बवाल: सैम पित्रोदा के चीन पर दिए बयान पर BJP ने लगाई क्लास, सुधांशु त्रिवेदी ने शहीद जवानों का अपमान होने की कही बात

सैम पित्रोदा के चीन पर दिए बयान पर BJP ने लगाई क्लास, सुधांशु त्रिवेदी ने शहीद जवानों का अपमान होने की कही बात
  • कांग्रेस ओवरसीज अध्यक्ष के बयान से बवाल
  • सैम पित्रोदा ने चीन को लेकर दिया विवादित बयान
  • कांग्रेस नेता के बयान पर भाजपा ने बोला हमला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ओवरसीज अध्यक्ष सैम पित्रोदा का चीन के लिए प्यार उमड़ने से सियासी हल्कों में हलचल तेज हो गई है। इस मामले पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस को जमकर घेरा है। उन्होंने सैम पित्रोदा के बयान को गलवान घाटी में शहीद जवानों का अपमान बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ षडयंत्रकारी शक्तियां देश के खिलाफ काम कर रही है।

सैम पित्रोदा के बयान पर हमलावर बीजेपी

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि सैम पित्रोदा ने चीन को लेकर आज जिस प्रकार का बयान दिया है, उससे यह बात बहुत साफ हो गई है कि कांग्रेस पार्टी के चीन के साथ हुए करार का इजहार वो दिनदहाड़े कर रहे हैं। भारत जैसे जैसे कूटनीतिक, आर्थिक तौर पर आगे बढ़ता जब रहा है। वैसे वैसे कुछ षड्यंत्रकारी शक्तियां भारत के खिलाफ काम में जुटी हुई हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ज्यों-ज्यों आर्थिक, सामरिक और कूटनीतिक दृष्टि से विश्व के पटल पर एक शक्तिशाली और प्रभावशाली देश के रूप में उभरता जा रहा है और देश के अंदर सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का नया दौर चल रहा है। त्यों-त्यों अनेक प्रतिगामी शक्तियां भारत की इस अभूतपूर्व प्रगति और विकास को रोकने के लिए अनेक षड्यंत्र कर रही हैं। जो कुछ कांग्रेस और उनके Ideological थिंक टैंक कहे जाने वाले लोग समय-समय पर कहते आ रहे हैं, वो चीजें अब पूरी तरह से जनता के सामने आती जा रही हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने शहीदों का बताया अपमान

सैम पित्रोदा के बयान को बीजेपी सांसद ने गलवान घाटी में शहीद हुए सैनिकों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि जो सैम पित्रोदा ने कहा है उससे ऐसा लगता है कि बोल सैम पित्रोदा के हैं, लेकिन संगीत जॉर्ज सोरोस का है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस से साफ कहना चाहता हूं कि चीन के साथ उनके राजीव गांधी फाउंडेशन को मिले आर्थिक दबाव में बोल रहे हैं। कांग्रेस को इस पर जवाब देना चाहिए।

इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने अमेरिका की ओर से भारत को देने वाली फंडिंग पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "अब चुनाव को प्रभावित करने की योजना का पता चला है, जो कंपनी इसमें है उसका सोरोस से भी संबंध है। मेरा सवाल है ये कौन सी चुनावी शक्ति हैं जो भारत में चुनाव में समस्या क्रिएट करने का प्रयास कर रही थीं। अंकल सैम और सोरोस दोनों को भाषा एक है। उसको आगे बढ़ाने का काम कांग्रेस और इंडी अलायन्स के लोग कर रहे हैं।"

चीन पर सैम पित्रोदा ने कही ये बात

कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने कहा था कि चीन से खतरे को अकसर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। पित्रोदा ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण हमेशा से टकराव वाला रहा है, जो दुश्मनी पैदा करता है. हमें सोचने का यह तरीका बदलना चाहिए, यह जरूरी नहीं कि हम हमेशा चीन को दुश्मन मानें। अब सभी देशों को एक साथ आने का समय है। हमें सीखने, संवाद बढ़ाने, सहयोग करने और मिलकर काम करने की जरूरत है, हमें कमांड और कंट्रोल की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। चीन चारों ओर है, चीन बढ़ रहा है, हमें इसे पहचानना और समझना होगा।

Created On :   17 Feb 2025 5:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story