भाजपा का कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार, कहा- व्यक्तिगत स्वतंत्रता का समर्थन करती है पार्टी

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा ने राज्य में अपने शासन में व्यक्तिगत स्वतंत्रता और समानता को कायम रखा है। बोम्मई का यह बयान कांग्रेस नेताओं के उन आरोपों पर आया है, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को बांटती है और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान नहीं करती है।
बेंगलुरु में राज्य कार्यकारी समिति की बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता और समानता संविधान में निहित है। उन्होंने कहा कि भाजपा न केवल इसका प्रचार करती है बल्कि शासन में इन पहलुओं को सुनिश्चित करती है।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा, हमारा दिन-प्रतिदिन का कार्य दर्शाता है कि पार्टी व्यक्तिगत स्वतंत्रता और समानता सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़ रही है। यह वास्तव में पार्टी की पहचान है। उन्होंने आगे कहा, हमारी एक बड़ी जिम्मेदारी है। लोगों ने अन्य राजनीतिक दलों पर अपना विश्वास नहीं दिखाया है। लोग जानते हैं कि कैसे अन्य दलों ने 70 वर्षों तक देश पर शासन किया। हमारे राज्य सहित दूसरे राज्यों में विरोधी पाटिर्यों ने विश्वास खो दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश के 18 राज्यों में शासन कर रही है। लोकतंत्र की सफलता के लिए एक मजबूत संघीय ढांचा होना चाहिए। भारतीय संघ को मजबूत करना होगा और यह भारतीय संविधान के आदशरें में से एक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संघवाद दोनों ही बहुत महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री बोम्मई ने कहा कि लोग पिछली कांग्रेस सरकार के कुशासन को नहीं भूले हैं। सामाजिक समरसता नहीं थी, कानून-व्यवस्था चरमरा गई थी, भाजपा कार्यकर्ता मारे गए थे, एक के बाद एक घोटाले हुए। कांग्रेस सरकार के दौरान सभी विभागों में भ्रष्टाचार पनपा।
पुलिस भर्ती में कांग्रेस सरकार ने डीआईजी रैंक के अधिकारियों से पूछताछ की सहमति नहीं दी थी। सीएम बोम्मई ने कहा, मैंने अधिकारी के खिलाफ जांच के लिए सहमति दी है। सीएम बोम्मई ने कहा कि सरकार आने वाले दिनों में ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट और टेक समिट का आयोजन कर रही है।
सीएम बोम्मई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 नवंबर को बेंगलुरु केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दूसरे टर्मिनल के उद्घाटन के लिए कर्नाटक आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हवाई अड्डे के परिसर में नादप्रभु केम्पे गौड़ा की एक विशाल प्रतिमा का भी उद्घाटन करेंगे।
(आईएएनएस)
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   7 Oct 2022 3:00 PM IST