कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर दिया ऐसा विवादित बयान, पार्टी ने बयान से किया खुद को अलग, पहले भी रह चुके हैं विवादों में

डिजिटल डेस्क, बेगलुरू। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव इस साल के मई के महीने में होने वाले हैं। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को प्रदेश में एक्टिव होते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। दोनों पार्टियों के नेताओं में तल्ख टिप्पणियां होने लगी हैं। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नलिन कुमार ने एक ऐसा विवादित बयान दिया है, जिसकी वजह से प्रदेश की सियासत गरम हो गई है। कुमार ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि वो शादी इसलिए नहीं कर रहे हैं क्योंकि वो बच्चा पैदा नहीं कर सकते हैं। बता दें कि, नलिन कुमार अपने विवादित बयानों के जरिए हमेशा से ही सुर्खियों में बने रहते हैं। कुछ दिनों पहले ही पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि सड़क और सीवरेज जैसे छोटे मुद्दों में मत पड़ो, केवल लव जिहाद पर फोकस करो। वहीं राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर भाजपा भी कन्नी काटती हुई दिखाई दे रही हैं। अब इस पूरे मामले में कुमार अलग-थलग पड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राहुल गांधी पर क्या बोले?
दरअसल, नलिन कुमार एक कार्यक्रम में शरीक हुए थे। जहां पर उन्होंने ये विवादित बयान देकर नया बखेड़ा खड़ा कर दिया है। राहुल गांधी पर दिया गया विवादित बयान तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नलिन कोविड-19 वैक्सीन का जिक्र करते हुए कहते हैं कि "सिद्धारमैया और राहुल ने कहा था कि वैक्सीन मत लो क्योंकि तुम्हारे बच्चे नहीं हो सकते। लेकिन उन्होंने टीका लिया। उन्होंने आगे कहा कि एक दिन पहले हमारे एमएलसी मंजूनाथ ने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी शादी नहीं कर रहे हैं क्योंकि उनके बच्चे नहीं हो सकते।" इस बयान के आने के बाद से ही कांग्रेस पार्टी भाजपा सहित नलिन पर जमकर निशाना साध रही है।
भाजपा सहित नलिन पर जमकर बरसी कांग्रेस
सांसद नलिन कुमार के इस बयान पर कांग्रेस पार्टी काफी आक्रामक दिखाई दे रही है। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि एक अध्यक्ष का ऐसा बयान उनकी मानसिकता को साफ दर्शाता है। जबकि कांग्रेस विधायक प्रियंका खड़गे ने नलिन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनका बयान सुनकर ऐसा लगता है कि वास्तव में उनके पास काफी गंभीर मुद्दे हैं और कुमार की कम बुद्धी की बीमारी उनकी पूरी पार्टी में फैल रही है, बीजेपी वालों जल्दी ही ठीक हो जाओ।
अलग-थलग पड़े नलिन
गौरतलब है कि भाजपा भी अपने प्रदेश अध्यक्ष के इस टिप्पणी से अपने आप को दूर रखना चाहती है। इस पूरे मामले पर कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री सुधाकर ने कहा कि मुझे नहीं पाता कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने किस संदर्भ में यह टिप्पणी की है। हालांकि, मैं इस टिप्पणी का सर्मथन नहीं कर हूं, मैं खुद को इस मामले से अलग करता हूं।
लव जिहाद पर ध्यान दो
यह पहली बार नहीं है कि नलिन कुमार विवादों में पड़े हुए हो। हाल में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि सड़क या सीवरेज जैसे मुद्दों से अपना ध्यान हटा लो, केवल लव जिहाद जैसे मुद्दों पर अपना ध्यान केंद्रित करो। ताकि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कोई घटना न घटे। वहीं इस बयान के बाद कांग्रेस ने नलिन कुमार भाजपा को खूब घेरा था और उन पर एक विशेष वर्ग को टारगेट करने का आरोप भी लगाया था।
Created On :   7 March 2023 12:28 PM IST