कमलनाथ ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, उपचुनाव परिणामों पर चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर राजनीतिक स्थिति और मध्य प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उपचुनाव के नतीजों के बाद इस बैठक का महत्व बढ़ गया है, जिसमें पार्टी ने कुछ राज्यों में अच्छा प्रदर्शन किया है। अगले साल की शुरुआत में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तराखंड, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तर प्रदेश में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा के खिलाफ एक गंभीर चुनौती पेश करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने जिन राज्यों में 30 अक्टूबर को उपचुनाव हुए थे, वहां के सभी यूनिटों के प्रमुखों एवं प्रभारियों से पार्टी के प्रदर्शन पर रिपोर्ट भेजने को कहा है।
कांग्रेस ने राज्यों में उपचुनाव के नतीजों और जीत-हार के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करने पर जोर दिया है। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने शुक्रवार को इस संबंध में एक पत्र जारी किया। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा सीटों और एक संसदीय सीट पर जीत हासिल की है। इसके अलावा पार्टी को राजस्थान में दो विधानसभा उपचुनाव और मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में एक विधानसभा उपचुनाव में भी जीत मिली है। हालांकि कांग्रेस असम, मेघालय, मिजोरम, बिहार, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के सभी विधानसभा उपचुनाव हार गई है। पार्टी मध्य प्रदेश तथा दादरा और नगर हवेली के संसदीय उपचुनाव में भी जीत हासिल नहीं कर पाई।
(आईएएनएस)
Created On :   6 Nov 2021 6:30 PM IST