अरविंद केजरीवाल ने गुजरात चुनाव को बताया धर्मयुद्ध, कहा श्री कृष्ण हैं उनके साथ

डिजिटल डेस्क,अहमदाबाद। दिल्ली के सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में प्रचार किया। केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे। मनीष सिसोदिया पर कथित तौर पर शराब दुकानों के आवंटन को लेकर आरोप हैं। केजरीवाल ने यहां पर प्रचार के दौरान गुजरात चुनाव की तुलना महाभारत से करते हुए कहा कि यह धर्मयुद्ध है। आगे केजरीवाल ने कहा कि उनकी जीत तय है क्योंकि उनके साथ भगवान श्री कृष्ण हैं।
केजरीवाल ने कहा, ""यह धर्म युद्ध है, महाभारत की तरह है। जब महाभारत शुरू हो गया, श्रीकृष्ण जी सोए हुए थे, उनसे मदद मांगने के लिए दुर्योधन और अर्जुन पहुंच गए। अर्जुन पांव के पास बैठ गए और दुर्योधन सिर के पास। जब भगवान श्री कृष्ण की आंख खुली तो सबसे पहले अर्जुन पर नजर पड़ी। उन्होंने अर्जुन से पूछा कि क्या चाहिए तो दुर्योधन ने कहा कि पहले मैं आया था मैं मांगूंगा। उन्होंने कहा नहीं मैंने पहले इन्हें देखा। अर्जुन ने कहा कि भगवान मुझे युद्ध में आप चाहिए। मुझे श्रीकृष्ण चाहिए। दुर्योधन बहुत खुश हुआ कि मुझे तो सेना चाहिए। उसने कहा भगवान आप इनके साथ चले जाइए, मुझे अपनी सेना दे दीजिए। आज इन लोगों के पास पूरी सेना है, ताकत है, सीबीआई है,इनकम टैक्स है, ईडी है, पुलिस है, इतना पैसा है इन लोगों के पास। हमारे साथ श्रीकृष्ण हैं, हमारे साथ भगवान हैं और अंत में जीत सच की होगी, भगवान की होगी। भगवान जनता के दिल में बसते हैं, जनता भगवान है, आज जनता हमारे साथ है।""
आगे अरविंद केजरीवाल ने कहा, ""ऐसा लग रहा है गुजरात अब बदलाव मांग रहा है। इसलिए मनीष सिसोदिया के यहां सीबीआई की रेड हुई। 27 साल के गंदे शासन बाद गुजरात अब विकल्प मांग रहा है। अब तक गुजरात के पास विकल्प नहीं था, अब ईमानदार विकल्प मिला है। गुजरात के लोग दिल्ली पंजाब की तरह काम चाहते हैं।""
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में अमीर लोग भी अब सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करवाते है और अपने बच्चों को प्रायवेट स्कूल से निकालकर सरकारी स्कूलों में एडमिशन करवा रहे हैं। केजरीवाल ने आगे कहा कि ""आज दिल्ली में हमने शिक्षा,स्वास्थ्य को लेकर शानदार काम किया है। ऐसा काम किया है कि 75 साल में नहीं हुआ था। दिल्ली में आजकल अमीर लोग सरकारी अस्पताल में जाते हैं। आपको यकीन नहीं होगा, आपको लगेगा केजरीवाल झूठ बोल रहा है। तो एक बार दिल्ली होकर आओ, दिल्ली के लोगों सो फोन करके पूछना, यदि कोई कहे कि अच्छा काम नहीं किया है तो वोट मत देना।""
Created On :   22 Aug 2022 8:00 PM IST