जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024: 'मोदी जी झूठ बोलने में शर्माते नहीं...', कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी साधा निशाना, '400 पार' पर भी किया प्रहार

मोदी जी झूठ बोलने में शर्माते नहीं..., कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी साधा निशाना, 400 पार पर भी किया प्रहार
  • कहां गए 400 पार वाले?- मल्लिकार्जुन खरगे
  • कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी साधा निशाना
  • मोदी जी झूठ बोलने में शर्माते नहीं- खरगे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बुधवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग पहुंचे। जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने पर मोदी सरकार रहा। उन्होंने कहा कि अनंतनाग एक ऐतिहासिक महत्व रखने वाली जगह है। यहां मौजूद अमरनाथ जी की गुफा के दर्शन के लिए हजारों लोग आते हैं, क्योंकि यह धार्मिक एकता का स्थल है। आज BJP यहां के लोगों को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश कर रही है, लेकिन वो कभी कामयाब नहीं होंगे। हम सब एक हैं और हमेशा एक रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को 20 सीटें और आ जातीं तो ये सब जेल में होते।

खरगे ने कहा, 'कहां गए 400 पार वाले? वो लोग 240 सीट पर सिमट गए। अगर हमें 20 सीटें और आ जातीं तो ये सारे लोग जेल में होते। ये लोग जेल में रहने के लायक हैं। बीजेपी भाषण तो बहुत देती है, लेकिन काम और कथनी में बहुत अंतर होता है। बीजेपी चाहे जितनी कोशिश कर ले, कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस का गठबंधन कमजोर नहीं होगा। हमने संसद में अपनी ताकत दिखाई है। हम उसी ताकत के साथ आगे बढ़ेंगे।'

बीजेपी डर रही है- खरगे

कांग्रेस के दिग्गज नेता खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' निकाली थी। इस यात्रा में INDIA गठबंधन की पार्टियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिससे काफी कामयाबी मिली।

खरगे ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस का गठबंधन देख BJP बौखला गई है, इसलिए वह जम्मू-कश्मीर की लिस्ट बार-बार बदल रही है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि BJP के लोग INDIA गठबंधन की एकता को देखकर डर गए हैं।

मोदी झूठ बोलते हैं- खरगे

कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कहा था- सभी को 15-15 लाख रुपए देंगे। हर साल 2 करोड़ नौकरियां देंगे। विदेश से काला धन वापस लाएंगे। लेकिन, किया कुछ भी नहीं। ऐसे लोगों को शर्म आनी चाहिए, जो झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आज हर जगह हमले हो रहे हैं, फिर भी मोदी जी झूठ बोलने में शर्माते नहीं हैं। क्योंकि वे 'झूठों के सरदार' हैं। लेकिन, हम सच बोलने वाले लोग हैं। हमने सच बोलकर देश को दशकों तक आगे बढ़ाया है।

'भाषण देते हैं, कोई काम नहीं करते'

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि इस क्षेत्र में 10 साल पहले एक मार्केट बनने वाला था, जिसका उद्घाटन भी हो गया था। लेकिन, मोदी सरकार में ये वैसे ही पड़ा रह गया। इसको कोई देखने वाला नहीं है। ये लोग सिर्फ भाषण देते हैं, कोई काम नहीं करते।

Created On :   11 Sept 2024 9:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story