Jio-Starlink Agreement: एयरटेल के बाद एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने जियो से किया करार, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल, कहा - 'राष्ट्रीय सुरक्षा की...'

- जियो-एयरटेल का स्टारलिंक से हुआ करार
- सैटेलाइट के जरिए मिलेगी इंटरनेट सुविधा
- कांग्रेस ने साधा मोदी सरकार पर निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपतियों में शुमार एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के साथ दो भारतीय कंपनियों एयरटेल और जिओ ने समझौता किया है। स्टारलिंक एक ऐसी हाई स्पीड इंटरनेट सेवा है जो कि सैटेलाइट कवरेज के भीतर कहीं भी इंटरनेट की सुविधा प्रदान कर सकती है। इसके शुरु होने के बाद भारत के कोने-कोने चाहे वो रेगिस्तान हो या सूदूर कोई जंगल सभी में इंटरनेट की सुविधा पहुंच जाएगी।
कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरा
इस समझौते को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, "मात्र बारह घंटों के भीतर एयरटेल और जियो ने स्टारलिंक के साथ साझेदारी की घोषणा कर दी है, ऐसा लगता है कि भारत में स्टारलिंक के प्रवेश पर उनकी सभी आपत्तियाँ दूर हो गई हैं, जिसके बारे में वे काफ़ी समय से आवाज़ उठा रहे थे।"
उन्होंने आगे लिखा, "यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि इन साझेदारियों को किसी और ने नहीं बल्कि खुद प्रधानमंत्री ने स्टारलिंक के मालिक एलन मस्क के माध्यम से राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अच्छे संबंध हासिल के लिए तैयार किया है।"
जयराम रमेश ने लिखा है, "लेकिन कई सवाल बने हुए हैं। शायद इसका सबसे महत्वपूर्ण सवाल राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। राष्ट्रीय सुरक्षा की ज़रूरत होने पर कनेक्टिविटी को जारी रखना या बंद करने का अधिकार किसके पास होगा? क्या यह स्टारलिंक होगा या इसके भारतीय साझेदार होंगे?"
कांग्रेस नेता ने पूछा, "क्या भारत में अन्य उपग्रह-आधारित इंटरनेट सेवाओं को भी अनुमति दी जाएगी और अगर दी जाएगी तो किस आधार पर? ज़ाहिर है, भारत में टेस्ला के निर्माण का बहुत बड़ा सवाल बना हुआ है। क्या अब इसके लिए कोई प्रतिबद्धता दी गई है, क्योंकि स्टारलिंक को भारत में आने की सुविधा मिल गई है?"
Created On :   13 March 2025 12:36 PM IST