Bihar Politics: बिहार चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में सबकुछ ठीक! आरजेडी के साथ चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, दिल्ली में बैठक के बाद फैसला
- आरजेडी के साथ चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
- दिल्ली में बैठक के बाद आई प्रतिक्रिया
- चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन में सबकुछ ठीक!
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज है। बीते एक महीने से कांग्रेस लगातार बिहार में फेरबदल कर रही है। जिसके चलते कई सारी कयासबाजी शुरू हो गई थी। हालांकि, अब कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन के तहत ही लड़ेगी। बीते दिन मंगलवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस के सीनियर नेताओं के बीच बैठक के बाद यह हल निकल पाया है।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा बिहार कांग्रेस प्रदेश राजेश कुमार मौजूद रहे। बैठक के बाद राजेश कुमार ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा- बिहार में कांग्रेस पूरी तरह से इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। हमारा लक्ष्य भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को हराना है। बिहार में भाजपा ही हमारी सबसे बड़ी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी है और हम इसे हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
उन्होंने कहा- बिहार में महागठबंधन पूरी तरह एकजुट है और अन्य राज्यों की तरह यहां किसी तरह का भ्रम या मतभेद नहीं है। कांग्रेस का मानना है कि बिहार में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को मिलकर मजबूत रणनीति बनानी होगी।
सीट बंटवारे पर भी दी प्रतिक्रिया
सीट बंटवारे पर राजेश कुमार ने कहा कि इस पर अभी विस्तृत चर्चा करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा- चुनाव नजदीक आने पर गठबंधन के नेता मिलकर एक ठोस रणनीति बनाएंगे और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि, कांग्रेस ने बीते एक महीने में बिहार में पार्टी लेबल पर कई सारे बदलाव किए हैं। राज्य में इस वक्त युवा नेता कन्हैया कुमार, पप्पू यादव और नए पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार काफी एक्टिव नजर आ रहे हैं। जिसके चलते यह कयास लगाए जाने लगे थे कि राज्य में कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ने जा रही है। हालांकि, अब पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इंडिया गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ेगी।
Created On :   26 March 2025 6:12 PM IST