Delhi Railway Station stampede case: 'इस्तीफा दें रेल मंत्री', नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले को लेकर कांग्रेस नेता का तीखा हमला

इस्तीफा दें रेल मंत्री, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले को लेकर कांग्रेस नेता का तीखा हमला
  • दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले में गरमाई सियासत
  • विपक्ष ने सरकार पर लगाया बदइंतजामी का आरोप
  • कांग्रेस सांसद ने रेली मंत्री का मांगा इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम मची भगदड़ में 4 बच्चों समेत 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद देश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल सरकार पर हमलावर हैं। उनका कहना है कि यह सरकार की बदइंतजामी का नतीजा है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पर निशाना साधा है। उन्होंने भी लालू यादव की तरह ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

रविवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए मनीष तिवारी ने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल (शनिवार को) हुई घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इसमें निर्दोष लोगों की जान चली गई। हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं, जिन्होंने इस घटना में अपने परिजनों को खोया है। इस घटना के लिए रेल मंत्री को जवाब देना चाहिए।"

जवाब दें रेल मंत्री

उन्होंने कहा कि रेल मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। साथ ही इस हादसे को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए। पिछले दो-तीन साल में बड़ी रेल दुर्घटनाएं हुई हैं, लेकिन किसी ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी। अब उन्हें इस पर जवाब देना चाहिए। पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने से उनके अपनों को वापस नहीं लाया जा सकता।

बता दें कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 25 से ज्यादा घायल हो गए। हालांकि सरकार घायलों का आंकड़ा 15 बता रही है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में जाने के लिए ट्रेन पकड़ने की उम्मीद में यात्रियों की भारी भीड़ प्लेटफॉर्म नंबर 14-15 पर पहुंची, इसी दौरान यह घटना हो गई।

अधिकारियों के मुताबिक 16 मृतकों की पहचान हो चुकी है। दो लोगों की पहचान अभी भी नहीं हो पाई है। मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं। इस बीच, रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ढाई-ढाई लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।

Created On :   17 Feb 2025 1:46 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story